कानपुर देहात में शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। करीब 21 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मुख्य मार्गों से लेकर संपर्क मार्गों तक पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे भरा पानी अकबरपुर और डेरापुर क्षेत्र में बारिश का असर साफ दिखाई दिया। अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हुई। कई जगह सड़कों पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। अन्य इलाकों में भी रास्तों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। 22 डिग्री पहुंचा तापमान, बिजली भी प्रभावित बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने वाला तापमान बारिश के बाद लगभग 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में अचानक बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बदलते मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। अकबरपुर क्षेत्र में करीब चार घंटे से बिजली प्रभावित होने की बात सामने आई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते शनिवार को स्कूल बंद लगातार बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश परिषदीय, मान्यता प्राप्त और अन्य बोर्डों के विद्यालयों पर लागू रहेगा। किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को नुकसान की आशंका लगातार बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और तेज बारिश हुई तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जलभराव वाले इलाकों में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

