भोपाल के अवधपुरी की श्रीराम कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर घर में घुसे दो बदमाशों ने 71 वर्षीय बुजुर्ग पर हथौड़ी से हमला कर दिया। बुजुर्ग ने दोनों को घर में देखा तो विरोध किया। इस पर आरोपियों ने उनके सिर पर हथौड़ी से वार किया और मौके से फरार हो गए। गंभीर चोट लगने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फरियादी मोहन चौधरी पन्ना की हीरा खदान से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह श्रीराम कॉलोनी स्थित मकान में पत्नी के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर दो संदिग्ध उनके घर में दाखिल हुए। मोहन ने उन्हें देख लिया और विरोध किया। इसी दौरान दोनों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। बेटा नौकरी पर गया था, पत्नी और केयरटेकर घर पर थे घटना के समय मोहन की पत्नी और केयरटेकर घर में मौजूद थीं। पुलिस के मुताबिक, केयरटेकर बुजुर्ग की पत्नी को नहला रही थी, जबकि मोहन का इकलौता बेटा नौकरी पर गया हुआ था। इसी दौरान बदमाश घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर भाग गए। थाना प्रभारी सुरेश मीणा के मुताबिक, वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घायल बुजुर्ग ने अपने बयानों में यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपियों ने लूट के इरादे से घर में प्रवेश किया था। पुलिस लूट के प्रयास समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पुलिस घर में मौजूद केयरटेकर की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखकर पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दोनों आरोपियों की पहचान हो सके।

