Pakistan: Imran Khan की रिहाई के लिए PTI का इस्लामाबाद मार्च अब 4 अक्टूबर को होगा

Pakistan: Imran Khan की रिहाई के लिए PTI का इस्लामाबाद मार्च अब 4 अक्टूबर को होगा

(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 25 सितंबर पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने इस्लामाबाद तक अपने विरोध मार्च को चार अक्टूबर तक स्थगित करने का फैसला किया है। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पार्टी संस्थापक खान की रिहाई के लिए सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से 27 सितंबर को राजधानी की ओर विशाल मार्च निकालने की घोषणा की थी।

हालांकि, सरकार की ओर से विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए उठाए गए कड़े कदमों के कारण पार्टी ने इसे टालने का फैसला किया। इमरान खान (73) को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 2023 में गिरफ्तार किया गया था। वह रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अडियाला जेल में बंद हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन स्थगित करने का फैसला एक बैठक में लिया गया और इसकी औपचारिक घोषणा खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी करेंगे। सूत्र ने कहा, “विरोध प्रदर्शन 27 सितंबर के बजाय चार अक्टूबर को शुरू किया जाएगा।”
इससे पहले दिन में अफरीदी ने पेशावर में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि सड़कें बंद किए जाने और अन्य उपायों के बावजूद इस्लामाबाद के लिए प्रस्तावित लंबा मार्च जारी रहेगा। पीटीआई पार्टी नीत खैबर पख्तूनख्वा सरकार का नेतृत्व कर रहे अफरीदी ने कहा, “हमारा विशाल मार्च निश्चित रूप से होगा।

इस बार हम निश्चित रूप से बाहर निकलेंगे।”
उन्होंने प्रांतीय सीमाओं की सड़कों पर कीलें ठोके जाने की खबरों पर चिंता जताई और पूछा कि क्या खैबर पख्तूनख्वा को देश के बाकी हिस्सों से अलग करने की साजिश औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का विशाल मार्च “हर हाल में” होगा और यह शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा, “सड़कों पर कीलें लगा दें, कंटेनर खड़े कर दें या गोलियां चलाएं, हम बाहर निकलेंगे।”
अफरीदी ने कहा कि इस बार पार्टी “भ्रष्ट व्यवस्था और नकली शासकों” को खत्म करने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान किसी भी कीमत पर नहीं टूटेगा और हम पाकिस्तान को बचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *