चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल नितिन सिंह की हत्या, 18 वर्षीय बेटे अरमान को पुलिस ने पकड़ा

चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल नितिन सिंह की हत्या, 18 वर्षीय बेटे अरमान को पुलिस ने पकड़ा

(फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 25 सितंबर चंडीगढ़ पुलिस के एक मुख्य आरक्षी की शुक्रवार को यहां उनके घर के अंदर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में मुख्य आरक्षी नितिन सिंह के बेटे अरमान (18) को गिरफ्तार किया गया है।

अरमान दो भाइयों की एक सड़क हादसे में मौत के मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर ने बताया कि इस साल के शुरू में जब मनीमाजरा के ‘कलाग्राम लाइट पॉइंट’ पर मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों की मौत हुई, तब अरमान अपने दोस्त की थार गाड़ी चला रहा था जिसने दोपहिया वाहन को टक्कर मारी थी। कौर के मुताबिक, तब अरमान को गिरफ़्तार किया गया था और बाद में ज़मानत पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि अरमान अपने माता-पिता पर अपनी ‘गर्लफ्रेंड’ से तुरंत शादी करने का दबाव डाल रहा था, जबकि वे इस बात पर अड़े थे कि वह 21 साल का होने के बाद ही ऐसा कर सकता है। पुलिस के अनुसार नितिन सिंह यहां सेक्टर 22 में अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए और उनके सिर पर गोली लगी थी। सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय उनका बेटा अरमान और उनकी पत्नी घर पर थे।

बताया जाता है कि सिंह की अरमान के साथ बहस हुई थी। सेक्टर 17 के थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने कहा, ‘‘इस मामले में उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी ने अपनी मां की गर्दन पकड़कर उन्हें नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की, लेकिन वह भागकर छत पर चली गईं और शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी वहां पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल बरामद की गयी है। थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। अवैध हथियार रखने और इस्तेमाल करने को लेकर शस्त्र कानून के प्रावधान भी लगाये गये हैं।’’
पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि घटना के बाद अरमान ने यह दिखाने की कोशिश की कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में घुसा और उसने यह अपराध किया।

कौर ने सिंह के घर का दौरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘सुबह हमारे पास एक फोन आया था। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसने पाया कि उनके सिर पर गोली लगी थी।’’
सिंह पुलिस मुख्यालय की खाता शाखा में तैनात थे।

थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार शाम को अरमान की अपने माता-पिता से बहस हो गई। वह एक लड़की से शादी करना चाहता था और तुरंत शादी करना चाहता था। लेकिन उसके माता-पिता का कहना था कि वह 21 साल का होने के बाद ही शादी कर सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अरमान अपने माता-पिता पर उस लड़की को घर लाने का दबाव डाल रहा था, लेकिन उन्होंने उसकी यह मांग ठुकरा दी।

उसने अपनी अलग-अलग ज़रूरतों के लिए भी माता-पिता से पैसे मांगे।’’
उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘अरमान को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आगे की जांच और यह पता लगाने के लिए उसकी हिरासत की मांग करेगी कि उसे देसी हथियार कहां से मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *