पन्ना में मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के विस्थापित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास पैकेज की राशि देने की प्रक्रिया चल रही है। शुक्रवार को कलेक्टर ऊषा परमार ने अजयगढ़ विकासखंड के बनहरीकला और कुंवरपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि संयुक्त खाता और सहमति पत्र जमा करने के एक सप्ताह के अंदर पात्र विस्थापितों को मुआवजा राशि दी जाएगी। बनहरीकला के 83 लाभार्थियों को अगले मंगलवार तक राशि कलेक्टर ने बताया कि बनहरीकला के 83 लाभार्थियों के बैंक खातों में अगले मंगलवार तक तय राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। इन लाभार्थियों ने संयुक्त खाता और सहमति पत्र जमा कर दिए हैं। उन्होंने शादीशुदा लोगों से ₹7.5 लाख की अतिरिक्त पुनर्वास राशि के लिए संयुक्त बैंक खाता जमा करने की अपील की। शिकायतों के लिए तहसील में बनेगा विशेष सेल कलेक्टर ने बताया कि रूंझ और मझगांय परियोजना से जुड़ी शिकायतों के जल्द समाधान के लिए तहसील कार्यालय में विशेष सुनवाई सेल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पात्र विस्थापितों को मुआवजा और अतिरिक्त मुआवजा राशि दी जाएगी। विस्थापन के साथ गांवों में सड़क, बिजली और पीने के पानी जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की बात भी कही गई। बुजुर्गों के लिए घर-घर संपर्क के निर्देश कलेक्टर ने अधिकारियों को बुजुर्ग विस्थापितों की मदद के लिए घर-घर जाकर संपर्क करने के निर्देश दिए। गांव में कियोस्क सुविधा उपलब्ध कराने और नोटरी वेंडरों की नियमित बैठकें कराने के लिए भी कहा। कुंवरपुर में स्वरोजगार कैंप लगाने के निर्देश कुंवरपुर के अटल सुशासन भवन में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने उन्हें पशुपालन, किराना दुकान और मछली पालन जैसे कामों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अगले सोमवार को पंचायत भवन कुंवरपुर में पशुपालन और उद्योग विभाग का विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। कैंप में इच्छुक ग्रामीणों के स्वरोजगार से जुड़े आवेदन तैयार किए जाएंगे। दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम आलोक मार्को, डिप्टी कलेक्टर अनुराग गुर्जर और जनपद पंचायत सीईओ सतीश नागवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

