गजेंद्र पटेल का राहुल गांधी पर पलटवार:बोले- कांग्रेस जीतने पर EVM पर सवाल क्यों नहीं उठाती, चुनावी व्यवस्था पर भ्रम फैलाने का आरोप

गजेंद्र पटेल का राहुल गांधी पर पलटवार:बोले- कांग्रेस जीतने पर EVM पर सवाल क्यों नहीं उठाती, चुनावी व्यवस्था पर भ्रम फैलाने का आरोप

खरगोन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया। राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी, जिस पर पटेल ने उनके आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी व्यवस्था को लेकर देश में भ्रम फैलाया जा रहा है। पटेल ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। उन्होंने मध्यप्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के पक्ष में परिणाम आने के बाद ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 के बाद से कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार के विकास कार्यों और नीतियों का विरोध करती आई है। गजेंद्र पटेल ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस की स्थिति खराब हो रही है और राहुल गांधी देश को बांटने का काम कर रहे हैं। झारखंड का प्रभारी बनाए जाने पर पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड के साथ-साथ अल्पसंख्यक मोर्चे में भी संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा। पटेल शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र खरगोन में थे। वे वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सामूहिक वंदे मातरम् कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में हुए स्थानीय पार्टी कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *