Balod Road Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। धमतरी-कांकेर के बीच मरकाटोला घाट में खड़ी माजदा वाहन को धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
Balod Accident: CM साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
NH-30 पर कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?
जानकारी के मुताबिक, धमतरी और कांकेर के बीच नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाटी में स्वराज माजदा (CG 10BU 7174) खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे ट्रक (CG 04 QY 5947) ने माजदा को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि माजदा में कुल 13 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक कुछ दूर जाकर पलट गया।
मौके पर 2, इलाज के दौरान 4 लोगों ने दम तोड़ा
भीषण हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई। घायलों को सबसे नजदीकी और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 4 और लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई। वहीं, 7 घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।
ट्रक के नीचे दबा था एक व्यक्ति
हादसे के बाद पलटे ट्रक के नीचे भी एक व्यक्ति के दबे होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और मर्चुरी भेजा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ट्रक चालक हादसे के बाद फरार
घटना के बाद ट्रक चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों के शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में मृत और घायल लोग कवर्धा सहित अन्य क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

