नर्मदापुरम में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू:कृत्रिम कुंड में क्रेन से बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन, प्रशासन ने नहीं सुधारे गड्ढे

नर्मदापुरम में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू:कृत्रिम कुंड में क्रेन से बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन, प्रशासन ने नहीं सुधारे गड्ढे

अनंत चतुर्दशी पर नर्मदापुरम में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह से ही गणेश पंडालों और घरों में पूजा-अर्चना के साथ भंडारे हुए। इसके बाद दोपहर 12 बजे से श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ प्रतिमाएं लेकर विसर्जन स्थलों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ गणेश प्रतिमाओं को विदाई दे रहे हैं। विवेकानंद घाट, सेठानी घाट, पोस्ट ऑफिस घाट और हर्बल पार्क घाट पर बनाए गए कृत्रिम कुंडों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। दोपहर 2.30 बजे तक चार बड़ी प्रतिमाएं कृत्रिम कुंड तक पहुंची थीं। यहां पूजा के बाद क्रेन की मदद से प्रतिमाओं को कुंड में विसर्जित किया गया। शाम को बड़ी संख्या में चल समारोह के साथ प्रतिमाओं के पहुंचने की संभावना है। विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा, एएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बडोले, एसडीएम, डीएसपी और एसडीओपी समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हर्बल पार्क घाट के रास्ते में गड्ढे हर्बल पार्क घाट पहुंचने के लिए फॉरेस्ट ऑफिस के सामने से जाने वाला रास्ता आधा कच्चा और आधा पक्का है। पक्के हिस्से में कुछ जगह गड्ढे हैं। इनकी मरम्मत नहीं होने से श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है। फॉरेस्ट ऑफिस के सामने सड़क पर भी बड़ा गड्ढा है। पांच जगह बनाए प्रतिमा कलेक्शन सेंटर प्रशासन ने विसर्जन को व्यवस्थित करने के लिए प्रतिमा कलेक्शन पॉइंट और ट्रैफिक रूट तय किए हैं। नगर पालिका ने हर्बल पार्क घाट पर विसर्जन की व्यवस्था के साथ पांच जगह कलेक्शन टीम तैनात की है। श्रद्धालु आजाद चौक ग्वालटोली, एसपीएम गेट-4 रसूलिया, हरियाली चौक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, काली मंदिर सतरस्ता और चक्कर रोड मालाखेड़ी के कलेक्शन सेंटर पर भी प्रतिमाएं दे रहे हैं। विवेकानंद घाट समेत अन्य विसर्जन स्थलों पर पूजन सामग्री को नर्मदा नदी में डालने के बजाय अलग जमा करने के लिए काउंटर बनाए गए हैं। देखें तस्वीरें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *