हरदोई में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका ने सुसाइड किया:उम्र 14 और 16 साल, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा- फांसी लगा ली, देख लो आके

हरदोई में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका ने सुसाइड किया:उम्र 14 और 16 साल, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा- फांसी लगा ली, देख लो आके

हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में एक नाबालिग प्रेमी और प्रेमिका ने फांसी लगाकर जान दे दी। यह घटना प्रेम प्रसंग के चलते हुई बताई जा रही है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। आत्महत्या करने से पहले किशोर ने अपने मोबाइल पर आत्महत्या करने से संबंधित स्टेटस लगाया था। इसी को देख परिजनों को सूचना हुई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:15 की है। घटनास्थल का निरीक्षण एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने किया। पुलिस और परिजनों के मुताबिक, मृतका 14 साल की सविता (पुत्री रामविलास रावत) कक्षा आठ की छात्रा थी। वह अपने चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। परिजनों का दावा है सविता गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकली थी। वहीं, 16 साल का प्रेमी कन्हैया राजपूत (पुत्र रामसेवक राजपूत, निवासी सारंगपुर मजरा छावन) गुरुवार शाम 5 बजे घर से निकला था। लड़की की मां ने गुरुवार की रात 10:20 बजे थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने कन्हैया, उसके पिता, उसकी मां समेत 4 लोगों को आरोपी बनाया था। इसके बाद जब परिजनों ने किशोर का व्हाट्सएप स्टेटस देखा, तो उस पर लिखा था, “नटन वाले बाग में फांसी लगा लिया है, देख लो आके।” यह संदेश देखने के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत बताई गई जगह पर शुक्रवार की सुबह पहुंचे। वहां दोनों के शव फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग में खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं, पारिवारिक पृष्ठभूमि और कारणों की जांच कर रही है। इस घटना से पूरे गांव में लोग हैरान हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *