Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में कंटेस्टेंट्स के बीच चल रहे विवादों के बीच अब अभिनेता आसिफ खान की एक टिप्पणी चर्चा में आ गई है। शो के एक टास्क के दौरान आसिफ ने मूंछ को पुरुषों की पहचान से जोड़ते हुए अपनी बात रखी थी। अब ‘बिग बॉस 7’ की विनर और अभिनेत्री गौहर खान ने इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आसिफ की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी पुरुष की पहचान सिर्फ उसके लुक या मूंछ से नहीं, बल्कि उसकी सोच और व्यवहार से होनी चाहिए।

आसिफ खान की टिप्पणी पर गौहर खान ने जताई आपत्ति
गौहर खान ‘बिग बॉस’ को लगातार फॉलो करती हैं और शो में होने वाली घटनाओं पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय भी साझा करती रहती हैं। आसिफ खान की टिप्पणी सामने आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
गौहर ने कहा कि आसिफ एक अच्छे अभिनेता हैं और उनका एक्टिंग करियर भी अच्छा चल रहा है, इसलिए उन्हें शो में इस तरह की सोच दिखाने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आसिफ के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें ऐसी छोटी सोच वाले विचारों को मंच नहीं देना चाहिए था।
गौहर ने एक दूसरी स्थिति का भी जिक्र किया, जब रीति तिवारी टास्क के दौरान उदिति सिंह पर टिप्पणी कर रही थीं। गौहर के मुताबिक, उस दौरान आसिफ का रिएक्शन देखकर उन्हें अच्छा नहीं लगा और उन्होंने इस पर भी अपनी असहमति जताई।
‘मर्द की पहचान उसकी सोच और व्यवहार से होती है’
आसिफ की मूंछ वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गौहर ने कहा कि पुरुष होने की पहचान मूंछ से जोड़ना सही सोच नहीं है। उन्होंने अपनी पोस्ट में इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या किसी व्यक्ति की मर्दानगी का आधार उसके चेहरे के बाल हो सकते हैं।
गौहर ने कहा कि एक पुरुष की असली पहचान उसकी ऊंची सोच और उसके व्यवहार में दिखाई देती है। उन्होंने आसिफ को लेकर यह भी कहा कि वह अच्छे अभिनेता हैं, लेकिन कई मौकों पर उनकी सोच उन्हें छोटी नजर आई।
क्या कहा था आसिफ खान ने?
दरअसल, शो के एक टास्क के दौरान गुल्लू ने यंग डीएसए के चेहरे पर ‘रिजेक्टेड’ स्टांप लगाया था। अपनी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि यंग को लगता है कि वो पूरे घर को चला रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। गुल्लू ने यह भी कहा कि यंग ने अपने ग्रुप के सभी सदस्यों की मूंछों को एक जैसे तरीके से स्टाइल किया है और वो अपनी पसंद दूसरों पर थोपते हैं।
इसके बाद जब आसिफ खान को सबसे ज्यादा ‘रिजेक्टेड’ स्टांप मिले तो उन्होंने यंग के मूंछ वाले मुद्दे पर उनका बचाव किया। आसिफ ने कहा कि वह राजस्थान से आते हैं और उनके लिए मूंछ उनकी पहचान का हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके यहां बिना मूंछ वाले लोगों को मर्दों की श्रेणी में नहीं माना जाता।आसिफ की इसी टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दिया और अब गौहर खान ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
यंग डीएसए और ईशा रिखी पर भी मंडरा रहा एविक्शन का खतरा
इस बीच ‘बिग बॉस 20’ में नॉमिनेशन का दौर भी जारी है। इस सप्ताह यंग डीएसए और ईशा को एविक्शन के लिए नॉमिनेट किया गया है। शो में आने वाले दिनों में किस कंटेस्टेंट का सफर खत्म होता है, यह आने वाले एपिसोड में साफ होगा।

