टीन शेड लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आए:जौनपुर में पिता-पुत्र समेत 3 झुलसे, गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर

टीन शेड लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आए:जौनपुर में पिता-पुत्र समेत 3 झुलसे, गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर

जौनपुर के जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास एक कॉलोनी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। टीन शेड लगाते समय 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह, उनके 18 वर्षीय बेटे प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। ज्ञान प्रकाश सिंह अपने घर के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। उनके बेटे प्रांजल और मिस्त्री महेंद्र भी काम कर रहे थे। इसी दौरान टीन शेड ऊपर से गुजर रहे 33 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही तीनों झुलसने लगे और उनके शरीर से चिंगारी निकलने के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने बांस और डंडे की मदद से तीनों को किसी तरह तार से अलग किया। गंभीर रूप से झुलसे ज्ञान प्रकाश सिंह के हाथ-पैरों में गहरी चोटें आई हैं। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रांजल सिंह और महेंद्र कुमार का जौनपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कॉलोनी में करीब 20 से 25 मकान हैं और यह हाईटेंशन तार उनके बीच से गुजर रहा है। स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति गुस्सा है। उनका कहना है कि इस हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड करने या आबादी से बाहर शिफ्ट करने के लिए कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हाईटेंशन तार पहले भी दो बार टूटकर कॉलोनी में गिर चुका है। उस समय भी तेज चिंगारी और आग की लपटें उठी थीं। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस लाइन को अंडरग्राउंड किया जाए, पर्याप्त ऊंचाई पर ले जाया जाए या आबादी से बाहर शिफ्ट किया जाए। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *