गुजरात: ‘मैंने लव मैरिज की, इसलिए भाई ने पति को मार डाला’ युवक की हत्या की जांच में चौंकाने वाला खुलासा

गुजरात: ‘मैंने लव मैरिज की, इसलिए भाई ने पति को मार डाला’ युवक की हत्या की जांच में चौंकाने वाला खुलासा

राजकोट। गुजरात के राजकोट में भक्तिनगर सर्कल पर दिनदहाड़े 27 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। मृतक की पत्नी ने अपने ही भाई पर पति की हत्या कराने का आरोप लगाया है। पत्नी का दावा है कि करीब सात साल पहले उसकी लव मैरिज करने से नाराज उसके मायके वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे और अब उसके भाई ने कथित तौर पर उसके पति को मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के अनुसार, सहकार मेन रोड निवासी विमल धर्मेश वाणिया (27) गुरुवार को भक्तिनगर सर्कल के पास था। इसी दौरान कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने विमल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और भक्तिनगर पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में विमल को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के उपचार शुरू करने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

डीसीपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना मिलते ही डीसीपी जोन-1 हेतल पटेल, भक्तिनगर थाने के पीआई जे.डी. परमार और पीएसआई एस.एच. गोहिल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की। पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी के बयान को भी अहम माना जा रहा है।

‘मैंने लव मैरिज की, इसलिए भाई ने पति को मार डाला’

मृतक विमल की पत्नी शीतल के मुताबिक, उसने करीब सात साल पहले विमल से प्रेम विवाह किया था। उसके परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद मायके वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। शीतल का आरोप है कि उसके भाई कमलेश ने आरसी बुक लेने के बहाने विमल को बुलाया था। इसके बाद कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई। शीतल ने कहा कि उसकी लव मैरिज के कारण ही उसके भाई ने उसके पति को मार डाला।

‘मैं और मेरा बेटा बेसहारा हो गए’

पति की हत्या के बाद शीतल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि पति की मौत के बाद वह और उसका बेटा बेसहारा हो गए हैं। उसने अपने भाई को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *