Netanyahu UN Address 2026: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया कि ईरान की सरकार आखिरकार गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि ईरान का नेतृत्व अपने झूठ, भ्रष्टाचार और क्रूरता के कारण सत्ता से बाहर हो जाएगा। नेतन्याहू ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि, ईरान की हत्यारी सरकार अपने झूठ, भ्रष्टाचार और क्रूरता के कारण गिर जाएगी, यह बुरी सरकार खत्म हो जाएगी, यह बस समय की बात है कि ईरान में कुछ अद्भुत होगा, सत्ता में बैठे लोगों पर जनता की ताकत भारी पड़ेगी।
बाहर गए प्रतिनिधियों और प्रदर्शनकारियों पर तंज
अपने संबोधन के दौरान नेतन्याहू ने उन प्रतिनिधियों पर सवाल उठाए जो भाषण के बीच से हॉल छोड़कर चले गए थे, साथ ही कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने पूछा, आप तब कहां थे जब ईरानी तानाशाहों ने हजारों निहत्थे ईरानी नागरिकों की हत्या की और उन्हें अपंग बना दिया? उन्होंने इन प्रदर्शनकारियों को नकली मानवाधिकार प्रदर्शनकारी तक करार दिया।
ट्रम्प की तारीफों के पुल, बेहतर साथी कोई नहीं
इजराइली प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भी जमकर सराहना की और कहा कि इज़राइल के लिए “ट्रम्प से बेहतर कोई साथी नहीं है।” उन्होंने कहा कि इज़राइल और अमेरिका ने न सिर्फ अपनी सुरक्षा बल्कि “सभ्यता को बचाने” के लिए भी मिलकर काम किया। उन्होंने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले को देश की सुरक्षा के लिए ज़रूरी बताते हुए कहा कि अगर ऐसा न किया होता तो “हम सब मारे गए होते।” उन्होंने यह भी दावा किया कि सार्वजनिक आलोचना करने वाले कई नेता निजी तौर पर इस कार्रवाई के लिए इज़राइल का शुक्रिया अदा करते हैं।
सात मोर्चों पर लड़ाई का जिक्र
नेतन्याहू ने अपने संबोधन में पिछले तीन सालों का हवाला देते हुए कहा कि, इजराइली सैनिक हमास, हिज्बुल्लाह, हूती, ईरान और इराक-सीरिया की मिलिशिया समेत सात मोर्चों पर दिन-रात लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी ने मिलकर इजराइल को दुनिया के नक्शे से मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन वे नाकाम रहे। क्या आप न्यू जर्सी के आकार के किसी ऐसे देश के बारे में जानते हैं जो सात मोर्चों पर युद्ध लड़ने में सक्षम हो?


NOW: Netanyahu drops this line on every country who stormed out of his United Nations speech