South Africa vs Australia: मैथ्यू ब्रीट्जके के शानदार शतक, मार्को जेनसन के अर्धशतक और केशव महाराज की घातक गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे मैच में 67 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने वनडे सीरीज में मेहमान टीम पर 1-0 की बढ़त बना ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 41.2 ओवर में 230 रन पर ऑलआउट हो गई।
मिचेल मार्श ने ठोका अर्धशतक
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिले 298 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 9.2 ओवर में 90 रन जोड़ दिए। मिचेल मार्श ने 36 गेंदों में 5 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए।
इसके बाद ट्रेविस हेड, कूपर कोनोली और मैट रेनेशॉ ने टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। ट्रेविस हेड ने 36 रन, कूपर कोनोली ने 38 रन और मैट रेनेशॉ ने 44 रन बनाए। निचले क्रम में मिचेल स्टार्क ही एकमात्र बल्लेबाज रहे, जो दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 41.2 ओवर में 230 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 67 रन से जीत लिया।
केशव महाराज ने चटकाए 4 विकेट
दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9.2 ओवर में केवल 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 2.10 रही। उनके अलावा कॉर्बिन बॉश और ब्योर्न फोर्टुइन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मार्को जेनसन और गेराल्ड कोएट्जी ने 1-1 विकेट लिया।
मैथ्यू ब्रीट्जके ने बनाए 112 रन
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने मैथ्यू ब्रीट्जके के शतक और मार्को जेनसन के अर्धशतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए। मैथ्यू ब्रीट्जके 106 गेंदों में 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 112 रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, मार्को जेनसन ने 59 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 75 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 3 विकेट चटकाए, जबकि एडम जाम्पा ने 2 विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड को 1 विकेट मिला।

