28 से 30 सितंबर तक बैंकों में हड़ताल:प्रयागराज में कर्मचारियों ने काला बैज लगाकर प्रदर्शन किया, पांच दिवसीय बैंकिंग की है मांग

28 से 30 सितंबर तक बैंकों में हड़ताल:प्रयागराज में कर्मचारियों ने काला बैज लगाकर प्रदर्शन किया, पांच दिवसीय बैंकिंग की है मांग

प्रयागराज में बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। वे पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। हड़ताल से पहले गुरुवार को प्रयागराज की कीडगंज शाखा समेत कई बैंक शाखाओं में कर्मचारियों ने काला बैज लगाकर काम किया और विरोध जताया। अशोक नगर में बाबा चौराहे के पास केनरा बैंक के रीजनल ऑफिस पर भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। इस प्रदर्शन में अलग-अलग बैंकों के कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के पास बातचीत के लिए काफी समय था। लेकिन, अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। कर्मचारियों के मुताबिक, हफ्ते में पांच दिन बैंक खुलने से उन्हें नियमित साप्ताहिक छुट्टी मिल सकेगी। इससे उनके काम और निजी जीवन में संतुलन बेहतर होगा।
यूनियन के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में एक बैठक हुई थी। इसमें उप मुख्य श्रम आयुक्त, श्रम मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में UFBU, IBA, DFN और बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधि शामिल थे। इस सुलह-वार्ता में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर कोई ठोस फैसला नहीं हो सका। इसके बाद UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। यूनियन नेता शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर वित्त मंत्री से भी बात की गई थी। लेकिन, इसका कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर जाएंगे। हड़ताल के दौरान प्रयागराज में भी केंद्रीय प्रदर्शन होंगे। 28 सितंबर को एसबीआई मुख्य शाखा में, 29 सितंबर को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस में और 30 सितंबर को इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रखा जा सकता है। हड़ताल से तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *