शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 30 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी की है। इसके लिए प्राधिकरण और UP Renewable and EV Charging Infrastructure Ltd. (UPREV) के बीच 24 सितंबर को MoU हुआ है। MoU 10 साल के लिए किया गया है। भविष्य में इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। चार्जिंग स्टेशन लगाने का पूरा खर्च UPREV की ओर से किया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से चार्जिंग स्टेशन के लिए स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण कोई वित्तीय सहायता नहीं देगा। हर स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इन चार्जरों से एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज किया जा सकेगा। चार्जिंग स्टेशन पर इस्तेमाल होने वाली बिजली के बदले प्राधिकरण को रेवेन्यू शेयरिंग के आधार पर प्रति यूनिट एक रुपये की दर से राजस्व मिलेगा। चार्जिंग स्टेशन सेक्टर-101, 78, 38 के बॉटेनिकल गार्डन, 76, 51, 119, 21ए, 81, 122, 129 और 132 समेत कई स्थानों पर प्रस्तावित हैं। इसके अलावा सेक्टर-154, 145, 146, 150, 144, NSEZ मेट्रो के पास, सेक्टर-18, 27, 29, सेक्टर-1, 38, 50, 15, 2, सेक्टर-24, सेक्टर-96 और सेक्टर-94 में भी स्टेशन लगाए जाएंगे। प्राधिकरण के मुताबिक यह पहल उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत शहर में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में की जा रही है।

