गैंगस्टर Manpal Dhilla को कंबोडियाई साथी से शादी के लिए मिली 12 घंटे की कस्टडी पैरोल

गैंगस्टर Manpal Dhilla को कंबोडियाई साथी से शादी के लिए मिली 12 घंटे की कस्टडी पैरोल

जेल में बंद गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला को अपनी कंबोडियाई साथी से शादी करने के लिए 12 घंटे की कस्टडी पैरोल पर रिहा किया गया है। वह पिछले साल प्रत्यर्पित किए जाने से पहले फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर भारत से फरार होने के बाद कंबोडिया में उससे मिला था। 50 वर्षीय ढिल्ला को बृहस्पतिवार को जिले के एक फार्महाउस में लाया गया, जहां शादी की रस्में हुईं।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शादी की रस्में पूरी कराने के लिए ढिल्ला को कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया। वह सुबह आठ बजे से 12 घंटे की कस्टडी पैरोल पर बाहर है।

अधिकारी ने बताया कि ढिल्ला अपनी कंबोडियाई साथी मेटा चान से शादी करेगा। गैंगस्टर की मुलाकात मेटा चान से उस समय हुई थी, जब वह 2018 में पैरोल से फरार होकर कंबोडिया चला गया था। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे और उनके बच्चे हुए।

उसके तीन बच्चे भी उसके साथ यहां आए हैं। सितंबर 2025 में हरियाणा पुलिस को वांछित कुख्यात अपराधी ढिल्ला को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा राज्य पुलिस तथा केंद्रीय गृह और विदेश मंत्रालयों के सहयोग से चलाए गए अभियान के तहत कंबोडिया से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पिछले साल गिरफ्तारी के समय झज्जर जिले के बादली गांव के निवासी ढिल्ला उर्फ मैनपाल बादली के खिलाफ हत्या समेत 22 मामले दर्ज थे।

इससे पहले वह हिसार की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 2007 और 2010 में दर्ज तीन मामलों में दोषी ठहराया गया था। आजीवन कारावास की सजा काटने के दौरान उसे हिसार केंद्रीय जेल से छह सप्ताह की पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन वह फरार हो गया।

अधिकारियों ने पिछले साल उसकी गिरफ्तारी के समय बताया था कि उसे 17 जुलाई, 2018 को पैरोल पर रिहा किया गया था और वह 29 अगस्त, 2018 को सोनू कुमार के नाम से फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर देश से फरार हो गया था। राज्य पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने छह नवंबर, 2024 को इंटरपोल के माध्यम से ढिल्ला के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया और एनसीबी-बैंकॉक से संपर्क किया। एनसीबी-बैंकॉक से पता चला कि वह थाईलैंड से कंबोडिया गया था।

अधिकारियों ने पिछले साल बताया था कि आरोपी कोलकाता से बैंकॉक होते हुए कंबोडिया गया था। इसके बाद सीबीआई ने तुरंत एनसीबी-नोम पेन्ह से संपर्क किया और अधिकारियों को सूचित किया कि वांछित अपराधी फर्जी यात्रा दस्तावेजों पर यात्रा कर रहा था। ढिल्ला ने कंबोडिया के सिएम रीप इलाके में अपना ठिकाना बना लिया था।

वह एक नाइट क्लब चला रहा था, उसने स्थानीय महिला से शादी कर ली थी और उनके बच्चे भी थे। 26 मार्च, 2025 को इंटरपोल के माध्यम से एनसीबी-नोम पेन्ह को ढिल्ला की अस्थायी गिरफ्तारी का अनुरोध भेजा गया था। एनसीबी-नोम पेन्ह ने 24 जुलाई, 2025 को ढिल्ला की गिरफ्तारी की जानकारी दी और राजनयिक माध्यमों से उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया।

बाद में कंबोडियाई अधिकारियों ने सूचित किया कि उन्होंने ढिल्ला को भारतीय अधिकारियों को सौंपने का फैसला किया है। इसके बाद हरियाणा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टीम उसे वापस लाने के लिए कंबोडिया भेजी गई और दिल्ली पहुंचने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *