Gippy Grewal Ego Statement: पंजाबी सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने हाल ही में फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में अहंकार और इंसान की तरक्की के बीच के संबंध पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि अहंकार एक ऐसी चीज है, जिसका एहसास अक्सर इंसान को खुद नहीं होता। गिप्पी के मुताबिक, यही वजह है कि व्यक्ति अपनी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने से दूर हो जाता है।
‘अहंकार इंसान को अपनी कमियां देखने नहीं देता’
गिप्पी ग्रेवाल ने ये भी कहा था कि अगर किसी व्यक्ति के अंदर अहंकार है, तो वह शायद ही इसे स्वीकार करेगा। उन्होंने समझाया कि अहंकार से घिरा इंसान यह मानने लगता है कि उसमें कोई कमी नहीं है। गिप्पी ग्रेवाल ने कहा, “जिसमें अहंकार होता है, अगर आप उससे कहेंगे कि तुम्हारे अंदर अहंकार है, तो वह थोड़ी न इसे स्वीकार करेगा। उसे पता भी नहीं चलता कि उसके अंदर अहंकार है।”
उन्होंने आगे कहा कि इंसान के अंदर अहंकार आने पर वह अपनी खूबियों और कमियों को सही तरह से पहचान नहीं पाता। गिप्पी के मुताबिक, व्यक्ति को लगता रहता है कि वह बिल्कुल ठीक है, जबकि असल में अहंकार उसकी सोच और विकास के रास्ते में रुकावट बन सकता है।
हनी सिंह के साथ फिर गाना बनाने की तैयारी
इंटरव्यू के दौरान गिप्पी ग्रेवाल ने रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह के साथ काम करने को लेकर भी बात की थी। उन्होंने बताया कि दोनों ने पहले साथ में गाने बनाए हैं, लेकिन अभी तक ‘अंग्रेजी बीट’ जैसा कोई गाना तैयार नहीं हो पाया है।
गिप्पी ने कहा कि वह और हनी सिंह आगे भी साथ काम करना चाहते हैं। दोनों ने फिलहाल कुछ समय का ब्रेक रखा है और 10 अप्रैल के बाद फिर से साथ बैठकर कुछ नया और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों ने गाने बनाए हैं, लेकिन उन्हें अभी रिलीज नहीं किया गया है। गिप्पी के मुताबिक, वे चाहते हैं कि अगली बार ऐसा गाना तैयार हो, जो ‘अंग्रेजी बीट’ की तरह लोगों को पसंद आए।





