अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने सिक्किम के रैपर उगेन नामग्याल भूटिया पर कथित हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बाकी 12 आरोपियों की पहचान कर ली। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रैपर उगेन नामग्याल भूटिया को यूएनबी के नाम से भी जाना जाता है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पापुम पारे जिले के लेपोरियांग क्षेत्र के बोबिया गांव निवासी 22 वर्षीय नबाम तांगपांग के रूप में हुई है। लोअर दिबांग वैली के पुलिस अधीक्षक रिंगू न्गुपोक ने बताया कि नबाम को बुधवार रात दोईमुख से गिरफ्तार किया गया और इस कार्रवाई में ईटानगर थाना प्रभारी अधिकारी और उनकी टीम ने मदद की। लोअर दिबांग वैली के पुलिस अधीक्षक न्गुपोक की निगरानी में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में कथित रूप से शामिल सभी 13 लोगों की पहचान कर ली गई है और बाकी 12 आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी आरोपी भी पापुम पारे जिले के रहने वाले हैं। न्गुपोक ने बताया, ‘‘हमने मामले में सभी 13 आरोपियों की पहचान कर ली है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।’’
अधिकारियों ने बताया कि जांच आगे बढ़ने और कथित अपराध से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कुछ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी हैं।
यह कार्रवाई सोमवार शाम लोअर दिबांग वैली जिले के तिवारी गांव के पास रैपर और उनके प्रबंधक पर कथित हमले के संबंध में रोइंग थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना रोइंग थाने को रात करीब 7:50 बजे मिली थी। पुलिस ने बताया कि रैपर और उनकी टीम दिबांग वैली जिले के अनिनी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रोइंग की ओर जा रहे थे तभी कुछ लोगों के एक समूह ने उन पर कथित तौर पर हमला किया।

