अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका और चीन ने दोनों देशों के बीच संभावित बड़े समझौते के लिए और समय देने के मकसद से व्यापार युद्धविराम को दो महीने बढ़ाने पर सहमति जताई है। बेसेंट ने बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के वाशिंगटन पहुंचने के कुछ ही समय बाद यह टिप्पणी की। चीनी राष्ट्रपति शी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल अक्टूबर में दक्षिण कोरिया में हुई बैठक में एक साल के व्यापार युद्धविराम पर सहमति जताई थी।
यह सहमति दोनों देशों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ शुल्क लगाने की होड़ के बाद बनी थी। बेसेंट ने फॉक्स न्यूज को बताया कि यह समझौता नवंबर में समाप्त होने वाला था और अब इसे 10 जनवरी तक बढ़ाया जाएगा। बेसेंट ने फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम ‘स्पेशल रिपोर्ट विद ब्रेट बेयर’ में कहा, ‘‘हम जिसे ‘बुसान समझौता’ कहते हैं, यानी दोनों देशों के बीच आर्थिक तनाव कम करने की व्यवस्था, जो 10 नवंबर को समाप्त होने वाली थी, उसे 10 जनवरी तक बढ़ाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देश अब भी संभावित बड़े समझौते पर काम कर रहे हैं।
हालांकि, चीन के अधिकारियों ने अभी व्यापार युद्धविराम को बढ़ाए जाने की पुष्टि नहीं की है। बेसेंट ने कहा कि जनवरी तक एक बड़ा आर्थिक पैकेज होने की संभावना है। हालांकि, मौजूदा समझौते को उसी रूप में आगे बढ़ाकर इसकी अवधि को फिर से विस्तार दिए जाने की भी संभावना है।
बेसेंट की यह टिप्पणी शी के अमेरिका के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचने के कुछ ही समय बाद आई। ट्रंप ने हवाई अड्डे पर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं की बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात होनी है, जिसके बाद राजकीय रात्रिभोज होगा।
एक दशक से अधिक समय में शी की यह पहली अमेरिका यात्रा है। बेसेंट ने कहा, ‘‘चीनी पक्ष की ओर से कुछ प्रतिबद्धताएं पूर्ण रूप से पूरी नहीं हुई हैं। इसलिए हम यह भी देखना चाहते हैं कि अब जब हमने उनके साथ बैठकर अपनी अपेक्षाएं बता दी हैं, तो क्या आने वाले महीनों में वे समझौते को पूरी तरह लागू कर सकते हैं।’’
शी की ट्रंप के साथ बैठकों में व्यापार शुल्क, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम मेधा (एआई), सैन्य संबंधों, पश्चिम एशिया में संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बेसेंट और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर रविवार से चीनी उपप्रधानमंत्री हे लाइफेंग और अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इन वार्ताओं का उद्देश्य शी की महत्वपूर्ण राजकीय यात्रा के लिए आधार तैयार करना है। बेसेंट ने कहा कि उन्होंने और उनके चीनी समकक्ष हे ने बुधवार को वाशिंगटन में विश्व बैंक में मुलाकात की, जहां दोनों ने युद्धविराम को बढ़ाने पर चर्चा की।
बेसेंट ने कहा कि उन्होंने और उनके चीनी समकक्ष हे ने बुधवार को वाशिंगटन में विश्व बैंक में मुलाकात की, जहां दोनों ने युद्धविराम को बढ़ाने पर चर्चा की।

