‘मेरी लव स्टोरी जरूर होनी चाहिए’, वीरेंद्र सहवाग ने अपनी बायोपिक को लेकर कही दिल की बात

‘मेरी लव स्टोरी जरूर होनी चाहिए’, वीरेंद्र सहवाग ने अपनी बायोपिक को लेकर कही दिल की बात

Virender Sehwag: भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2‘ के होस्ट के तौर पर एक नई भूमिका निभाने जा रहे हैं, जो 26 सितंबर को शुरू होगा। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अपने शो पर बात करने के साथ-साथ उन्होंने अपनी बायोपिक का भी जिक्र किया और कहा कि वो चाहते हैं कि उनकी पत्नी आरती के साथ उनकी लव स्टोरी उनकी बायोपिक का हिस्सा बने।

मैंने शो के लिए बातचीत करने से भी मना कर दिया था

रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ के बारे में बात करते हुए वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि यह एक ऐसा कदम था जिसके बारे में उन्होंने शुरू में सोचा भी नहीं था। उनका कहना है, “मैंने शो के लिए बातचीत करने से भी मना कर दिया था। मुझे लगा कि मेरे लिए ऐसा शो होस्ट करना बहुत मुश्किल होगा जिसका क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं है।”

शो बनाने वालों से मिलने और यह समझने के बाद कि वो चाहते हैं कि वो शो में अपनी असल पर्सनैलिटी दिखाएं, उन्होंने यह चुनौती स्वीकार करने का फैसला किया। उनके बेटे भी इस फैसले से हैरान थे। उन्होंने बताया, मेरे बेटे ने मुझसे कहा, ‘पापा, आप क्या कर रहे हैं? आप शो कैसे होस्ट कर सकते हैं? यहां तो बड़ी-बड़ी लड़ाइयां होती हैं। आप यह कैसे करेंगे?’”

‘मेरी लव स्टोरी तो जरूर शामिल होनी चाहिए’

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे चाहेंगे कि उनकी जिंदगी पर बायोपिक बने, तो सहवाग ने तुरंत कहा, “हां, क्यों नहीं!” और उसमें क्या-क्या शामिल होना चाहिए? वे कहते हैं, “मेरी लव स्टोरी तो जरूर शामिल होनी चाहिए।” हालांकि सहवाग को इस बात से कोई खास फर्क नहीं पड़ता कि उनका किरदार कौन निभाएगा, लेकिन उनका कहना है कि यह फैसला वे फिल्म बनाने वालों पर छोड़ देंगे। “मैं यह फैसला प्रोड्यूसर और डायरेक्टर पर छोड़ दूंगा। आजकल सभी अच्छे हैं। मैं किसी खास नाम का चुनाव नहीं करूंगा।”

2025 से आ रही हैं वीरेंद्र सहवाग और पत्नी आरती सिंह के अलग होने की अटकलें

यह टिप्पणी आरती अहलावत से उनके अलग होने की खबरों के बीच आई है। 2004 में शादी करने वाले इस जोड़े के अलग होने की अटकलें जनवरी 2025 से लगाई जा रही हैं और खबरों में दावा किया गया है कि वे कई महीनों से अलग रह रहे हैं। न तो सहवाग और न ही आरती ने सार्वजनिक रूप से अलग होने की पुष्टि की है। इस विषय पर बात करते हुए क्रिकेटर ने कहा, “मैं सोशल मीडिया पर अपने बारे में कुछ नहीं पढ़ता। मैं इन बातों से परेशान नहीं होना चाहता और न ही मैं इन बातों पर ध्यान देना चाहता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *