बाराबंकी के दरियाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत केन्हौरा में मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 10 मीटर तक लगी इंटरलाकिंग सड़क भी जलभराव के कारण धंस गई है। यह मामला दरियाबाद विकासखंड के केन्हौरा गांव का है। यहां रविंद्र कुमार के घर से रामविलास के घर तक लगभग 10 मीटर आरसीसी रोड पानी भरने से धंस गई है। साथ ही नाली भी टूट गई है। इस वजह से वहां से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और छात्र-छात्राओं को बहुत दिक्कत होती है। जलभराव के कारण गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान से लेकर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीण रविंद्र कुमार, राम विलास, अजय और कमलेश ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। केन्हौरा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल हक ने बताया कि जल्द ही सफाईकर्मी लगाकर साफ-सफाई कराई जाएगी।

