ललितपुर स्टेशन पर 6 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार:ट्रेन में चेकिंग शुरू हुई तो ललितपुर स्टेशन पर उतरा, GRP ने पकड़ा

ललितपुर स्टेशन पर 6 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार:ट्रेन में चेकिंग शुरू हुई तो ललितपुर स्टेशन पर उतरा, GRP ने पकड़ा

ललितपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर बुधवार रात जीआरपी ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी मेरठ जिले का रहने वाला प्रताप सिंह है। पुलिस के मुताबिक, वह नागपुर से गांजा खरीदकर दिल्ली में बेचने जा रहा था। प्रताप सिंह जिस ट्रेन से नागपुर से दिल्ली जा रहा था, उसमें चेकिंग शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग से बचने के लिए वह ललितपुर स्टेशन पर उतर गया। यहां प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में घूमते समय जीआरपी ने उसे पकड़ लिया। प्लेटफॉर्म 3 पर पिट्ठू बैग लेकर बैठा था संदिग्ध जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह परिहार बुधवार रात करीब 9 बजे पुलिसकर्मियों के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर संदिग्ध लोगों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था देख रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर बीना एंड की ओर बने शौचालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा है। मुखबिर ने बताया कि संदिग्ध ने सफेद शर्ट और मटमैले रंग की पैंट पहन रखी है और उसके पास पिट्ठू बैग है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे बीना एंड पर पकड़ लिया। बैग में खाकी टेप से लिपटे मिले दो बंडल पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रताप सिंह बताया। वह मुल्तान नगर, गली नंबर-7, भोला रोड, थाना टीपी नगर, मेरठ का रहने वाला है। मादक पदार्थ की तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत आरपीएफ के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी के काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर खाकी टेप से लिपटे दो बंडल और कुछ पुराने कपड़े मिले। दोनों बंडलों का वजन कराया गया तो एक में 5 किलो और दूसरे में 1 किलो 100 ग्राम गांजा निकला। नागपुर से गांजा खरीदकर दिल्ली में बेचने की बात कबूली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रताप सिंह ने बताया कि वह नागपुर से गांजा खरीदकर दिल्ली में बेचने के लिए ले जा रहा था। उसने बताया कि जिस ट्रेन से वह दिल्ली जा रहा था, उसमें चेकिंग शुरू होने पर उसे पकड़े जाने का डर लगा। इसी वजह से वह ललितपुर रेलवे स्टेशन पर उतर गया था। आरोपी के पास से बरामद गांजे का कुल वजन 6 किलो 100 ग्राम है। जीआरपी ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना पर जीआरपी ने दबोचा जीआरपी के मुताबिक, स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध लोगों की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। टीम ने बताए गए हुलिए और स्थान के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे भागने के दौरान पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपी के गांजा तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नागपुर से दिल्ली तक मादक पदार्थ पहुंचाने के नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *