त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन रेवाड़ी होकर चलेगी और दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। इससे राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन संख्या 04829 जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को जोधपुर से चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04830 गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। जोधपुर से ट्रेन शाम 4:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रास्ते में यह रेवाड़ी स्टेशन पर तड़के 2:30 से 2:40 बजे तक रुकेगी। वापसी में गोरखपुर से ट्रेन रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। रेवाड़ी में वापसी के दौरान ट्रेन शाम 4:50 से 5 बजे तक रुकेगी। 20 डिब्बों की होगी स्पेशल ट्रेन स्पेशल ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे सहित कुल 20 डिब्बे होंगे। इन स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन ट्रेन मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

