ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने आरोपी थार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आशीष पॉल के रूप में हुई है। बिसरख थाना पुलिस ने उसे पकड़ा है। इस हादसे में सुप्रीम कोर्ट के वकील नीरज कुमार सिन्हा (40) की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। यह घटना सोमवार को बिसरख थाना क्षेत्र के इटैड़ा में हुई थी। तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार नीरज और उनकी पत्नी को टक्कर मार दी थी। पुलिस के अनुसार, हादसा थार चालक के ओवरटेक करने के दौरान हुआ था। टक्कर के बाद आरोपी चालक थार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस ने बुधवार को आशीष पॉल को गिरफ्तार कर लिया। हादसे में घायल नीरज कुमार सिन्हा की पत्नी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनका नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि महिला के शरीर में करीब 18 फ्रैक्चर हुए हैं। वह एक प्ले स्कूल में टीचर हैं। नीरज और उनकी पत्नी की शादी इसी साल 9 मार्च को हुई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने बिसरख थाने पर मोमबत्ती जलाकर प्रदर्शन भी किया था। परिजनों की मांग पर पुलिस ने FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(2) भी जोड़ दी थी। पुलिस ने अब आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने आज नीरज कुमार सिन्हा का अंतिम संस्कार किया है।

