राजकोट गुड्स शेड से तमिलनाडु के नए गंतव्य गंगईकोंडान के लिए पहली बार गेहूं की लोडिंग

राजकोट गुड्स शेड से तमिलनाडु के नए गंतव्य गंगईकोंडान के लिए पहली बार गेहूं की लोडिंग

राजकोट. पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए तमिलनाडु के नए गंतव्य गंगईकोंडान के लिए पहली बार गेहूं की लोडिंग की।
राजकोट मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर एवं सक्रिय प्रयासों से बुधवार को राजकोट गुड्स शेड से तमिलनाडु के मदुरै मंडल स्थित गंगईकोंडान के लिए 21 वैगनों में कुल 1,351 टन गेहूं का लदान किया गया। यह खेप लगभग 2,450 किलोमीटर की दूरी तय कर गंगईकोंडान पहुंचेगी। इससे रेलवे को 44.98 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

माल परिवहन के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

गंगईकोंडान के लिए विकसित की गई यह नई उद्गम-गंतव्य जोड़ी राजकोट मंडल द्वारा माल परिवहन के नए अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लंबी दूरी तक खाद्यान्न का रेल परिवहन सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों को रेल नेटवर्क के माध्यम से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नए गंतव्यों की पहचान कर माल ढुलाई को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास : मीना

राजकोट के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना ने कहा कि राजकोट मंडल द्वारा नए गंतव्यों की पहचान कर माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नए गंतव्य गंगईकोंडान के लिए गेहूं की यह पहली लोडिंग नए माल परिवहन अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

माल यातायात और मालभाड़ा राजस्व बढ़ाने की दिशा में कर रहे काम : डीआरएम

राजकोट मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गिरिराज कुमार मीना ने कहा कि नए माल परिवहन अवसरों को विकसित करना हमारी निरंतर प्राथमिकता है। ‘अधिक गंतव्य, अधिक अवसर, अधिक सशक्त रेलवे’ के संकल्प के साथ हम व्यापारिक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़कर माल यातायात और मालभाड़ा राजस्व, दोनों को बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *