SA vs AUS 1st ODI: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगी कांटे की टक्कर, जानें किसका पलड़ा भारी

SA vs AUS 1st ODI: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगी कांटे की टक्कर, जानें किसका पलड़ा भारी

South Africa vs Australia: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे 27 सितंबर को किंग्समीड, डरबन में भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है, क्योंकि अगले साल वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीकी महाद्वीप में होना है। साउथ अफ्रीका जिम्बाब्वे और नामीबिया के साथ इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।

हालांकि, दक्षिण अफ्रीका की टीम चोटों से परेशान है। उसके चार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन और क्वेना मफाका चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में गेराल्ड कोएट्जी पर खास नजर रहेगी। वह लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। चोट के कारण वह काफी समय से टीम से बाहर रहे हैं।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी अच्छी फॉर्म में है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली सीरीज में टीम के तीन अलग-अलग बल्लेबाजों ने शतक लगाए थे। हालांकि, एलेक्स कैरी का फॉर्म चिंता का विषय है। वह पिछले 11 वनडे पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। पैट कमिंस के पहले मैच में खेलने की उम्मीद नहीं है। उनकी जगह मिचेल मार्श कप्तानी कर सकते हैं। वहीं, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के भी खेलने की संभावना है।

SA vs AUS: हेड-टू-हेड ODI रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 113 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 57 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 52 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा, दोनों टीमों के बीच खेले गए तीन मैच टाई रहे हैं और एक मैच का परिणाम नहीं निकला।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली पांच वनडे द्विपक्षीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। साल 2016 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हराया था। इसके बाद वर्ष 2018 में दक्षिण अफ्रीका ने दो-एक से सीरीज अपने नाम की। वर्ष 2020 में एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका ने तीन-शून्य से शानदार जीत दर्ज की। वर्ष 2023 की रोमांचक सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने तीन-दो से बाजी मारी। इसके अलावा वर्ष 2025 में खेली गई अंतिम सीरीज में भी दक्षिण अफ्रीका ने दो-एक से जीत हासिल की है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं-

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, केशव महाराज, गेराल्ड कोएट्जी, एनकोबानी मोकोएना, कॉर्बिन बॉश, ब्योर्न फोर्टुइन, रयान रिकेल्टन, डुआन जेनसन, लिजाड विलियम्स।

ऑस्ट्रेलिया: जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, कूपर कोनॉली, एलेक्स कैरी, मैट रेनशॉ, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, नाथन एलिस, एडम जम्पा, जेवियर बार्टलेट, कैमरन ग्रीन, जैक एडवर्ड्स, जोएल डेविस, ओलिवर पीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *