कौशांबी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 का कार्यक्रम बुधवार शाम घोषित हुआ है। मौजूदा सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। उनकी सीट खाली होने पर यह चुनाव होगा। चुनाव में 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। रिटर्निंग ऑफिसर और झांसी मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि चुनाव का नोटिफिकेशन 29 सितंबर को जारी होगा। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर तय की गई है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक खत्म हो जाएगी। आदर्श आचार संहिता हुई लागू इस चुनाव क्षेत्र में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जिले आते हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही इन सभी जिलों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

