करौली की ग्रामीण सियासत में बड़ा उलटफेर, 11 पंचायत समितियों में आरक्षण तय; बदले चुनावी समीकरण

करौली की ग्रामीण सियासत में बड़ा उलटफेर, 11 पंचायत समितियों में आरक्षण तय; बदले चुनावी समीकरण

Karauli Panchayat Election Reservation List: पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनाव को लेकर करौली जिले में आरक्षण प्रक्रिया के बाद प्रधान पदों की स्थिति साफ हो गई है। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अक्षय गोदारा की उपस्थिति में लॉटरी के जरिए जिले की 11 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का आरक्षण तय किया गया। आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही अब राजनीतिक दलों और चुनावी दावेदारों की नजर पंचायत समिति स्तर पर बनने वाले समीकरणों पर टिक गई है।

जिले में तीन पंचायत समितियों के प्रधान पद अनारक्षित रखे गए हैं। करौली, मासलपुर और सपोटरा में अनारक्षित पद होने से यहां विभिन्न वर्गों के दावेदारों के लिए मैदान खुला रहेगा। वहीं हिण्डौन, नादौती और मण्डरायल में प्रधान पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इससे इन पंचायत समितियों में महिला दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता बढ़ने के साथ प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने प्रत्याशी चयन का समीकरण भी अलग रहेगा।

आरक्षण में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को भी प्रतिनिधित्व मिला है। श्रीमहावीरजी में प्रधान पद अनुसूचित जनजाति, शेरपुर-सूरौठ में अनुसूचित जाति, जबकि टोडाभीम में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है। बालघाट में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए प्रधान पद आरक्षित हुआ है। कुडग़ांव में अनुसूचित जनजाति महिला के लिए सीट तय हुई है।

इस तरह 11 प्रधान पदों में तीन अनारक्षित, तीन अनारक्षित महिला, दो अनुसूचित जनजाति वर्ग, दो अनुसूचित जाति वर्ग और एक अन्य पिछड़ा वर्ग के हिस्से में गया है। आरक्षण तय होने के साथ ही अब पंचायत समितियों में संभावित दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता बढ़ने और दलों की ओर से स्थानीय समीकरणों को साधने की कवायद तेज होने की संभावना है।

11 पंचायत समितियों में प्रधान पद की स्थिति

पंचायत समिति-आरक्षण स्थिति
करौली-अनारक्षित
मासलपुर-अनारक्षित
हिण्डौन-अनारक्षित महिला
श्रीमहावीरजी-अनुसूचित जनजाति
शेरपुर-सूरौठ-अनुसूचित जाति
टोडाभीम-अनुसूचित जाति महिला
बालघाट-अन्य पिछड़ा वर्ग
नादौती-अनारक्षित महिला
मण्डरायल-अनारक्षित महिला
सपोटरा-अनारक्षित
कुड़गांव-अनुसूचित जनजाति महिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *