एलएनआईपीई में छात्रों का गुस्सा फूटा, वीसी-रजिस्ट्रार छह घंटे बंधक

एलएनआईपीई में छात्रों का गुस्सा फूटा, वीसी-रजिस्ट्रार छह घंटे बंधक

ग्वालियर. एलएनआईपीई में छात्रा श्रुति उपाध्याय की मौत और रजिस्ट्रार को हटाने की मांग को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन मंगलवार को और उग्र हो गया। धरने पर बैठे छात्रों ने संस्थान की मुख्य बिल्डिंग के गेट पर तालाबंदी कर दी। इसके चलते वीसी, रजिस्ट्रार समेत संस्थान का स्टाफ करीब छह घंटे तक अंदर ही फंसा रहा। दोपहर करीब तीन बजे छात्र वीसी चेंबर के बाहर धरने पर बैठ गए और देर रात तक विरोध जारी रहा। रात करीब नौ बजे पुलिस के पहुंचने के बाद मुख्य भवन के अंदर मौजूद स्टाफ को बाहर निकाला जा सका। छात्रों का कहना है कि वे पिछले 14 दिनों से लगातार धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक संस्थान प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों पर गंभीर बातचीत नहीं की गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान अधिकारी अपने कार्यालयों में बैठे रहे, जबकि विद्यार्थी श्रुति की मौत के मामले में न्याय और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते मंगलवार को छात्रों ने मुख्य भवन के गेट पर तालाबंदी कर दी।

वीसी से चर्चा की कोशिश, नहीं हुई बातचीत

छात्र दोपहर में वीसी चेंबर के बाहर पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए। छात्रों की मांग थी कि वीसी और रजिस्ट्रार उनके बीच आकर उनकी बात सुनें और मांगों पर स्पष्ट निर्णय लें। हालांकि देर तक प्रदर्शन के बावजूद छात्रों और वीसी के बीच बातचीत नहीं हो सकी। इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने रजिस्ट्रार को हटाने और श्रुति की मौत के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को प्रमुखता से उठाया।

न्याय की मांग को लेकर चार छात्र भूख हड़ताल पर

आंदोलन के बीच मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज दो छात्र और दो छात्राएं भूख हड़ताल पर बैठ गए। भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों का कहना है कि आंदोलन अब केवल आश्वासन से खत्म नहीं होगा। उनकी प्रमुख मांग रजिस्ट्रार को पद से हटाने के साथ श्रुति की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की है। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रबंधन से यह भी मांग की कि छात्रों की समस्याओं को सुनने के लिए नियमित संवाद की व्यवस्था की जाए।

24 सितंबर को मंत्रालय की टीम करेगी चर्चा

लगातार बढ़ते विरोध के बाद अब मामले में मंत्रालय ने हस्तक्षेप किया है। छात्रों को जानकारी दी गई है कि 24 सितंबर को मंत्रालय से अधिकारियों की टीम एलएनआईपीई पहुंचेगी। टीम आंदोलनरत छात्रों और संस्थान के अधिकारियों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी लेगी।मंगलवार को दिनभर चले घटनाक्रम के बाद संस्थान परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। देर रात पुलिस की मौजूदगी में मुख्य भवन के अंदर मौजूद स्टाफ को बाहर निकाला गया। छात्रों ने स्पष्ट किया कि केवल बातचीत या आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उनका कहना है कि श्रुति की मौत के मामले में न्याय, उनकी मांगों पर निर्णय और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *