ओमान के पास समुद्र में अचानक दो टॉरपीडो ने जहाज को हिला दिया। भारत की ओर जा रहे एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय की जान चली गई है। यूपी के देवरिया जिले के सूरज यादव इस हमले में मारे गए हैं। बाकी चालक दल के सदस्य सुरक्षित किनारे पहुंचा दिए गए हैं।
बुधवार को एमवी केप डाओ नाम का बल्क कैरियर ओमान रूट से भारत की तरफ जा रहा था। जहाज पर एंटीगुआ और बारबुडा का झंडा लगा था। यह मिना साकर से रवाना हुआ था। अचानक दो टॉरपीडो जहाज के बायीं तरफ लगे।
इन जगहों पर लगा टॉरपीडो
एक टॉरपीडो जहां लोग रहते हैं, उस डेक पर लगा, दूसरा इंजन रूम के पास टकराया। इससे जहाज को नुकसान पहुंचा। कुल 28 लोग जहाज पर थे, जिनमें 19 से 20 भारतीय नाविक शामिल थे।
सूरज यादव वाइपर के पद पर काम करते थे। उन्हें सिर में चोट लगी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद ओमान की रॉयल नेवी ने बाकी सभी चालक दल को बचाकर किनारे एक जेट्टी पर पहुंचा दिया। एक भारतीय इंजीनियर को हल्की चोट आई थी, लेकिन उनकी हालत ठीक है। सभी बचे हुए लोग अभी ओमान में सुरक्षित हैं।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
इस घटना के बाद ओमान में भारत का दूतावास एक्टिव हुआ। इस घटना को लेकर दूतावास ने बयान जारी किया। दूतावास ने कहा कि वह इस हमले पर नजर रखे हुए है। ओमान के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है।
उन्होंने आगे बताया कि जहाज पर सवार सभी भारतीय चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम चल रहा है। दूतावास ने सूरज यादव की मौत पर गहरा दुख जताया है और उनके परिवार को संवेदनाएं दीं।


(@vishalpcbvisha1)