अबोहर के भगत सिंह चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम में एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ हजारों रुपए की ठगी हो गई। पीड़ित ने सिटी वन पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन बैंक अधिकारी सीसीटीवी फुटेज देने से इनकार कर रहे हैं। पीड़ित ने एक किसान नेता के माध्यम से पुलिस से मदद मांगी है। पीड़ित दिलबाग सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार को इस बैंक के एटीएम से रुपए निकालने आए थे। जब वह एटीएम मशीन से पैसे निकाल रहे थे, तो उनका कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान एटीएम में एक और शख्स मौजूद था, जिसने उन्हें एटीएम मशीन पर पासवर्ड डालते हुए देख लिया। दिलबाग सिंह ने बताया कि जब पैसे नहीं निकले और उन्हें लगा कि एटीएम खराब है, तो वह वहां से चले गए। तभी उस शख्स ने उन्हें पीछे से आवाज दी और कहा कि एटीएम चल रहा है, आप आकर अपना पिन कैंसिल कर दें। जब वह वापस एटीएम रूम में आकर अपना कार्ड लगाकर पिन कैंसिल करने लगे, तो मशीन फिर नहीं चली। इस पर उस शख्स ने कहा कि शायद मशीन में जंग लग गया है, इसलिए नहीं चल रही। बातों ही बातों में उस शख्स ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। घर जाते समय फोन पर आया मैसेज पीड़ित ने बताया कि जब वह अपने घर जाने के लिए वहां से निकलकर बाजार नंबर 12 के पास पहुंचे, तो उनके फोन पर मैसेज आया कि कॉलेज रोड पर लगे एटीएम से उनके खाते से 10 हजार रुपए निकल गए हैं। इस पर वह बैंक में आए और अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन बैंक वालों ने उन्हें फुटेज नहीं दी। सिटी वन पुलिस को शिकायत इसके बाद उन्होंने सिटी वन पुलिस को शिकायत दी, लेकिन बैंक अधिकारी अभी भी फुटेज नहीं दे रहे हैं। वहीं, किसान नेता सुखजिंदर राजन ने बैंक अधिकारियों के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है।

