ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन पर रफ्तार से दौड़ी स्पेशल ट्रेन:17 किमी का सफर 9 मिनट में पूरा, स्पीड ट्रायल सफल;दीपावली से पहले चलाने की तैयारी

ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन पर रफ्तार से दौड़ी स्पेशल ट्रेन:17 किमी का सफर 9 मिनट में पूरा, स्पीड ट्रायल सफल;दीपावली से पहले चलाने की तैयारी

दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना के ताड़ोकी-रावघाट सेक्शन पर मंगलवार को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की टीम ने स्पीड ट्रायल किया। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर स्पेशल ट्रेन अधिकतम 113 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी। ट्रेन ने यह दूरी करीब 9 मिनट में पूरी की। ट्रायल के दौरान ट्रेन की न्यूनतम रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के अधिकारियों ने ट्रायल को सफल बताया। दक्षिण पूर्व परिमंडल, कोलकाता के रेल संरक्षा आयुक्त सुमीत सिंघल के नेतृत्व में टीम ने रेल लाइन, पुल-पुलियों, बिजली के तार, सिग्नलिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। 7 दिन में CRS रिपोर्ट, इसके बाद ट्रेन चलाने की तारीख तय होगी RVNL अधिकारियों के मुताबिक CRS टीम करीब एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट रेलवे को सौंप सकती है। इसके बाद ताड़ोकी से रावघाट तक यात्री ट्रेन चलाने की तारीख तय होगी। रायपुर डीआरएम दयानंद ने बताया कि यात्री ट्रेन का विस्तार रावघाट तक किया जाएगा। निरीक्षण के बाद टीम का रिस्पांस सकारात्मक रहा है। ऐसे में दीपावली से पहले यात्रियों को रावघाट तक ट्रेन सुविधा मिलने की उम्मीद है। बालोद-कांकेर के बाद बस्तर से जुड़ाव मजबूत होगा ताड़ोकी-रावघाट सेक्शन पर यात्री ट्रेन शुरू होने से बालोद और कांकेर के बाद बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। भविष्य में रावघाट से जगदलपुर तक रेल लाइन बिछाने की योजना है। प्रस्तावित रेल मार्ग से जगदलपुर, कोंडागांव और नारायणपुर समेत कई क्षेत्र रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे। रावघाट से जगदलपुर तक 140 किमी रेल लाइन का प्रस्ताव दल्लीराजहरा से जगदलपुर को जोड़ने के लिए रावघाट से आगे करीब 140 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने की योजना है। इस परियोजना पर करीब 2 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। प्रस्तावित रेलखंड में 19 रेलवे स्टेशन, 32 बड़े और 172 छोटे पुल बनाए जाने की योजना है। इसके लिए 876 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। लौह अयस्क परिवहन के साथ यात्रियों को भी फायदा दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना को भिलाई स्टील प्लांट तक लौह अयस्क पहुंचाने के उद्देश्य से मंजूरी मिली थी। रेल लाइन के विस्तार से लौह अयस्क परिवहन के साथ क्षेत्र में यात्री कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। भविष्य में रावघाट से जगदलपुर तक रेल सुविधा मिलने पर बालोद समेत आसपास के जिलों के लोगों को बस्तर संभाग तक आने-जाने का वैकल्पिक साधन मिलेगा। दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक पहले से चल रही यात्री ट्रेन वर्तमान में दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक यात्री ट्रेन चल रही है। ताड़ोकी-रावघाट सेक्शन का CRS निरीक्षण और स्पीड ट्रायल पूरा होने के बाद अब इस हिस्से की कमीशनिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *