Hurun India Rich List: गौतम अडानी की दौलत बढ़ी, मुकेश अंबानी की घटी, देश को मिले 27 नए अरबपति

Hurun India Rich List: गौतम अडानी की दौलत बढ़ी, मुकेश अंबानी की घटी, देश को मिले 27 नए अरबपति

Hurun Rich List 2026: भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट जारी हो गई है। गौतम अडानी एंड फैमिली ने मुकेश अंबानी एंड फैमिली को पीछे छोड़कर देश के सबसे अमीर परिवार का स्थान वापस हासिल कर लिया है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, अडानी परिवार की कुल संपत्ति 13% बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई। वहीं, मुकेश अंबानी और परिवार की संपत्ति 10% घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई। यानी दोनों परिवारों की नेटवर्थ के बीच करीब 59,400 करोड़ रुपये का अंतर है। पिछले साल की तुलना में यह बदलाव खासा बड़ा है और देश के सबसे बड़े कारोबारी परिवारों के बीच संपत्ति की दौड़ को फिर चर्चा में ले आया है।

लिस्ट में 1810 लोगों के हैं नाम

23 सितंबर को जारी हुरुन की नई लिस्ट में कम से कम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति रखने वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है। इन सभी की कुल संपत्ति सालाना आधार पर 12.8% बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। डॉलर में यह रकम करीब 1.96 ट्रिलियन डॉलर बैठती है।

अमीर महिलाओं की संख्या बढ़ी

हुरुन की इस लिस्ट में महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। इस साल 131 महिलाओं को शामिल किया गया है, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी। एचसीएल की Roshni Nadar Malhotra एंड फैमिली 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।

मुंबई में सबसे ज्यादा अमीर

शहरों की बात करें तो मुंबई भारत के सबसे अमीर लोगों का सबसे बड़ा ठिकाना बना हुआ है। हुरुन की लिस्ट में मुंबई से 465 अमीर लोगों को शामिल किया गया है। नई दिल्ली 236 नामों के साथ दूसरे और बेंगलुरु 129 नामों के साथ तीसरे स्थान पर है। यानी देश की आर्थिक राजधानी के साथ-साथ दिल्ली और बेंगलुरु भी बड़े कारोबारियों और संपन्न लोगों के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।

मित्तल परिवार की बड़ी छलांग

अडानी और अंबानी के बाद इस बार LN Mittal एंड फैमिली तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। आर्सेलर मित्तल से जुड़े मित्तल परिवार ने लिस्ट में आठ पायदान की छलांग लगाई है। परिवार की संपत्ति 93% बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई। हुरुन रिपोर्ट ने इस बढ़ोतरी के पीछे यूरोप में स्टील कारोबार को लेकर बढ़े संरक्षणवादी कदमों और क्षेत्रीय स्टील कीमतों में मजबूती को अहम वजह बताया है। यानी इस साल स्टील कारोबार ने मित्तल परिवार की संपत्ति बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया।

वेदांता और टोरेंट परिवार भी टॉप-10 में

वेदांता रिसोर्सेज से जुड़े अनिल अग्रवाल एंड फैमिली ने भी इस साल जोरदार छलांग लगाई है। उनकी संपत्ति 87% बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई और वे लिस्ट में नौवें स्थान पर आ गए। वहीं, Torrent Pharmaceuticals से जुड़े समीर मेहता एंड फैमिली ने पहली बार टॉप-10 में जगह बनाई है। उनकी संपत्ति 52% बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

AI से लोगों ने बनाया अच्छा पैसा

इस साल हुरुन रिच लिस्ट में AI को पहली बार एक अलग सेक्टर के तौर पर जगह मिली है। एआई से जुड़े 19 लोगों की कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। इनमें से 15 लोग पहली बार इस लिस्ट में शामिल हुए हैं। एआई की दुनिया से सामने आए नए नामों में तनय कोठारी और सहज गर्ग भी शामिल हैं। दोनों की उम्र सिर्फ 28 साल है और दोनों ने एआई कंपनी Wispr Flow के जरिए 4,200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ लिस्ट में जगह बनाई है। इसके अलावा CTRL S Datacentres, Yotta, Astera Labs, Parallel Web Systems, Sarvam AI और Emergent AI से जुड़े कारोबारी भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

खास बात यह है कि एआई सेक्टर से जुड़े 15 नए लोगों की संपत्ति में कुल 1.82 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। हुरुन के मुताबिक, नए लोगों को जोड़ने वाले उद्योगों में यह सबसे बड़ा संपत्ति योगदान है। हालांकि इंडस्ट्रीयल प्रोडक्ट्स सेक्टर से 44 नए लोग लिस्ट में शामिल हुए, जो संख्या के लिहाज से एआई से काफी ज्यादा हैं।

भारत में अब 391 हुई डॉलर अरबपतियों की संख्या

भारत में अरबपतियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले एक साल में देश में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं। इसके साथ भारत में डॉलर अरबपतियों की कुल संख्या 391 हो गई है। पांच साल पहले यह संख्या 237 थी। पूरी हुरुन रिच लिस्ट की बात करें तो पिछले साल के मुकाबले इस बार 128 लोग ज्यादा शामिल हुए हैं। पांच साल में यह संख्या 803 बढ़ी है।

70% अमीरों ने खुद खड़ी की अपनी संपत्ति

इस लिस्ट की एक और खास बात सेल्फ मेड आंत्रप्रेन्योर्स हैं। कुल 1,810 अमीर लोगों में 1,266 ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी संपत्ति खुद के कारोबार और उद्योग के जरिए बनाई है। इनकी हिस्सेदारी करीब 70% है। सेक्टर के हिसाब से देखें तो इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स सबसे आगे है। इस सेक्टर से 166 लोग लिस्ट में शामिल हैं। इसके बाद केमिकल सेक्टर में 142 और फार्मा में 136 नाम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *