राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट ग्वालियर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए इंडिगो 27 अक्टूबर से ग्वालियर-मुंबई रूट पर फ्लाइट सातों दिन संचालित करने की तैयारी में है। अभी इस रूट पर सप्ताह में चार दिन ही उड़ान उपलब्ध है। विंटर शेड्यूल में फ्रीक्वेंसी बढ़ने से त्योहारी सीजन और सर्दियों की छुट्टियों में मुंबई जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। अगस्त में 5,775 यात्रियों ने किया सफर मुंबई-ग्वालियर-मुंबई रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अगस्त में इस रूट पर 5,775 यात्रियों ने हवाई सफर किया। इनमें मुंबई से ग्वालियर आने वाले यात्रियों की संख्या 2,964 रही। अधिकारियों का अनुमान है कि फ्लाइट रोज संचालित होने के बाद इस रूट पर हर महीने यात्रियों की संख्या 9 से 10 हजार के पार पहुंच सकती है। अभी दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की सीधी उड़ान कुछ समय पहले तक ग्वालियर एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होती थीं। हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे, जम्मू, कोलकाता और जयपुर के अलावा दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए भी फ्लाइट उपलब्ध थी। विभिन्न कारणों से कई शहरों की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। वर्तमान में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। ऐसे में मुंबई रूट पर फ्लाइट की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से व्यापार और पर्यटन से जुड़े यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट डायरेक्टर बोले- यात्रियों की मांग लगातार आ रही राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर लोकेश कुमार यादव ने बताया कि मुंबई की फ्लाइट की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग यात्रियों की ओर से लगातार आ रही थी। इसे देखते हुए इंडिगो ने दैनिक संचालन में रुचि दिखाई है। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर से लागू होने वाले विंटर शेड्यूल में मुंबई के लिए सातों दिन सीधी फ्लाइट शुरू होने की पूरी संभावना है।

