जयपुर में ब्लैक थार का कहर एक बार फिर सामने आया है। राजापार्क इलाके में मंगलवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे थार ने एक स्कूटी को रौंद दिया। हादसे में स्कूटी सवार विजय (24) गंभीर घायल हो गया। उसे एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जयपुर में ये घटना राजापार्क इलाके में उदय मार्ग की है, जिसका एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में तेज रफ्तार ब्लैक थार स्कूटी को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। पहले देखिए ये तीन फोटोज… दोस्तों को खाना देने जा रहा था जवाहर नगर थाना एसएचओ सरला यादव ने बताया कि हादसे में घायल विजय पासवान आदर्श नगर स्थित चिकन हंट में काम करता है। मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह चिकन हंट से जवाहर नगर टीला नंबर-7 स्थित दोस्तों के घर खाना देने जा रहा था। विजय सामान्य गति से स्कूटी लेकर चौराहा पार कर रहा था। इसी दौरान दूसरी तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ब्लैक थार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विजय सड़क पर घिसटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद थार सवार फरार हादसे के बाद थार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को थाने में रखवा दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार की तलाश की जा रही है। सिर, कंधे और हाथ में गंभीर चोट पुलिस के अनुसार विजय के सिर, कंधे और हाथ में चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उसका उपचार जारी है और डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा है। पुलिस फरार थार ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। —————— ये खबर भी पढ़िए… थार की टक्कर से डेयरी संचालक की मौत: VIDEO:तेज स्पीड में पीछे से मारी टक्कर; हादसे के बाद कार चालक फरार जयपुर में ओवर स्पीड थार की टक्कर से डेयरी संचालक की मौत हो गई। बुद्धसिंहपुरा निवासी, नवल शर्मा (57) सुबह घर से स्कूटी लेकर काम पर जाने के लिए निकले थे। जब पीछे से आ रहे ओवर स्पीड थार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। (पढ़िए पूरी खबर)

