दमोह नगर पालिका क्षेत्र के बजरिया वार्ड 8 बड़ा पुरा के लोगों ने पानी की समस्या को लेकर मंगलवार रात फिल्टर प्लांट पर प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नल सप्लाई का समय तय करने की मांग की। काम पर निकल जाते हैं मजदूर वार्डवासियों का कहना है कि नल सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है। वे मजदूर वर्ग से हैं और सुबह 10 बजे काम पर निकल जाते हैं। कई बार इसी दौरान पानी की सप्लाई शुरू हो जाती है, जिससे घर पर मौजूद न रहने के कारण पानी नहीं भर पाते। रात में भी कई बार आती है सप्लाई लोगों ने बताया कि कभी-कभी रात 11 से 12 बजे के बीच भी नल सप्लाई शुरू की जाती है। इससे नींद प्रभावित होती है और महिलाओं को पानी भरने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि वे पहले भी नगर पालिका को ज्ञापन देकर सप्लाई का समय तय करने की मांग कर चुके हैं। आधे घंटे तक फिल्टर प्लांट पर प्रदर्शन मंगलवार रात वार्डवासी करीब आधे घंटे तक फिल्टर प्लांट पर प्रदर्शन करते रहे। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी नगर पालिका अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने बुधवार को वार्ड की पानी की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। सुबह सप्लाई की मांग वार्डवासियों का कहना है कि अगर सुबह जल्दी नल सप्लाई शुरू कर दी जाए तो मजदूर काम पर जाने से पहले पानी भर सकेंगे। उन्होंने जल्द से जल्द सप्लाई का निश्चित समय तय करने की मांग की है।

