उन्नाव के विकासखंड सिकंदरपुर कर्ण के ग्राम बंथर निवासी युवा क्रिकेटर ऋतिक सिंह के ओडिशा प्रीमियर लीग में चयन पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बैसवारा युवा अधिकार मंच ने ऋतिक सिंह को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंच के संस्थापक सुधांशु प्रताप सिंह ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचना ऋतिक की मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि बैसवारा क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है। इस अवसर पर दैनिक भास्कर के संवाददाता एवं बैसवारा युवा अधिकार मंच के मीडिया एवं पत्रकारिता सलाहकार सौरभ शुक्ला ने भी ऋतिक सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “ऋतिक की यह उपलब्धि केवल परिवार की खुशी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने जिस मुकाम तक पहुंचने की शुरुआत की है, वह निश्चित रूप से दूसरे युवाओं को भी अपने सपनों के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देगा।” ऋतिक सिंह के बड़े भाई आशीष सिंह ने कहा कि “ऋतिक ने बचपन से ही क्रिकेट के प्रति लगन और मेहनत दिखाई है। परिवार के लिए यह बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। हम चाहते हैं कि वह इसी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़े और अपने क्षेत्र तथा परिवार का नाम रोशन करे। उसकी सफलता के पीछे उसकी निरंतर मेहनत और क्रिकेट के प्रति समर्पण है।” बैसवारा युवा अधिकार मंच की ओर से कहा गया कि संगठन क्षेत्र के युवाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सकारात्मक अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

