Erythema Multiforme Symptoms: शरीर की त्वचा पर अचानक लाल रंग के गोल चकत्ते (रैश) उभर आना एक आम समस्या लगती है, लेकिन अगर यह चकत्ते निशानेबाज़ी वाले टारगेट जैसे दिखाई दें, तो यह एरिथेमा मल्टीफॉर्म (Erythema Multiforme) नाम की त्वचा स्थिति का संकेत हो सकता है। यह एक तरह की प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) की प्रतिक्रिया होती है, जो शरीर में किसी संक्रमण या दवा के कारण शुरू होती है। आइए डर्मनेट (DermNet) और जॉन हॉपकिंस मेडिसिन (Johns Hopkins Medicine) की रिपोर्ट्स के आधार पर जानते हैं कि ये क्या होती है? इसके कारण, लक्षण और बचाव के क्या उपाय हैं?
एरिथेमा मल्टीफॉर्म क्या है?
जॉन हॉपकिंस मेडिसिन (Johns Hopkins Medicine) के अनुसार, एरिथेमा मल्टीफॉर्म त्वचा का एक ऐसा विकार है जिसमें शरीर पर लाल गोल दाने या चकत्ते निकल आते हैं। इसका नाम लैटिन भाषा से आया है, जिसका अर्थ है कई रूपों में दिखने वाली लाली। इन चकत्तों की सबसे बड़ी पहचान यह है कि ये तीन परतों वाले एक ‘टारगेट’ की तरह दिखते हैं, बाहरी घेरा एकदम लाल रंग का सीमांकन। बीच का हिस्सा हल्का गुलाबी या थोड़ा सूजा हुआ। केंद्र (बीच का भाग) गहरा लाल, बैंगनी या उसमें एक छोटा सा छाला (Blister) हो सकता है। यह रैश आमतौर पर हाथ-पैर, हथेलियों, तलवों और कोहनियों पर दोनों तरफ एक साथ उभरता है।
इसके मुख्य कारण क्या हैं?
यह कोई संक्रामक बीमारी नहीं है, यानी यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में छूने से नहीं फैलती। इसके होने के ये मुख्य कारण हैं;
- हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV)।
- मायकोप्लाज्मा निमोनिया।
- दर्द निवारक दवाएं (NSAIDs)।
- एंटीबायोटिक्स (जैसे पेनिसिलिन या सल्फा ड्रग्स)।
- मिर्गी/दौरे रोकने की दवाएं (Anticonvulsants)।
इसके मुख्य लक्षण क्या हैं?
इसके लक्षण अलग-अलग लोगों में हल्के या गंभीर हो सकते हैं। इन्हें दो श्रेणियों में बांटा जाता है;
- एरिथेमा मल्टीफॉर्म माइनर (हल्का रूप)- इसमें सिर्फ त्वचा पर चकत्ते होते हैं। इसमें हल्की खुजली या जलन महसूस हो सकती है। आमतौर पर बुखार या शरीर में दर्द नहीं होता।
- एरिथेमा मल्टीफॉर्म मेजर (गंभीर रूप)- इसमें चकत्तों के साथ-साथ मुंह, होंठ, आंखों या जननांगों (Genitals) की अंदरूनी त्वचा (Mucous membranes) पर दर्दनाक छाले हो जाते हैं। इसके साथ बुखार, थकान और जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
इलाज और बचाव के तरीके
ज़्यादातर मामलों में एरिथेमा मल्टीफॉर्म माइनर 2 से 4 हफ्तों के भीतर अपने आप ठीक हो जाता है और त्वचा पर कोई स्थायी निशान नहीं छोड़ता। अगर यह किसी वायरस या बैक्टीरिया की वजह से हुआ है, तो डॉक्टर उसकी दवा (जैसे एंटीवायरल या एंटीबायोटिक) देते हैं। यदि यह किसी दवा के रिएक्शन से हुआ है, तो डॉक्टर उस दवा को तुरंत बंद करवा देते हैं। खुजली और जलन कम करने के लिए एंटीहिस्टामिन गोलियां, ठंडी सिकाई या लगाने वाली क्रीम दी जाती हैं।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
यदि आपको अपने या परिवार के किसी सदस्य के हाथ-पैर पर ऐसे गोल चकत्ते दिखाई दें, तो खुद से दवा लेने की बजाय तुरंत त्वचा विशेषज्ञ (Dermatologist) से संपर्क करें। अगर चकत्ते के साथ मुंह में छाले, बुखार या आंखें लाल होने लगें, तो बिना देरी किए अस्पताल जाएं।

