सुल्तानपुर में 1.15 लाख के KCC लोन में 30 हजार की रिश्वत मांगने पर कार्रवाई हुई है। सीबीआई की लखनऊ टीम ने बैंक के फील्ड अफसर और संविदा चपरासी को गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात 10:15 बजे के बाद टीम दोनों को गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई। आरोप है कि 25 हजार रुपए लेने के बाद भी फाइल पांच हजार रुपए के लिए अटकी हुई थी, जिसके बाद शिकायत की गई थी। दरअसल, दोस्तपुर थाना क्षेत्र के भरथुआ निवासी गौरव सिंह ने मार्च महीने में तालाब का पट्टा लिया था। उन्होंने उस पर मछली पालन का प्रोजेक्ट लगाने के लिए दोस्तपुर के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक बेलवारे से KCC के तहत 1 लाख 15 हजार रुपए के लोन के लिए आवेदन किया। गौरव का आरोप है कि बैंक मैनेजर प्रवीण कुमार और फील्ड अफसर अनुराग सिंह ने उनसे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। गौरव ने फाइल पास कराने के लिए 25 हजार रुपए पहले ही दे दिए थे। इसके बावजूद, बचे हुए पांच हजार रुपए के लिए उनकी फाइल रोक दी गई। इसके बाद गौरव सिंह ने लखनऊ एंटी करप्शन में शिकायत दर्ज कराई।
जांच टीम ने 21 सितंबर को मामले की जांच की, जिसमें गौरव के आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और मंगलवार शाम करीब 5 बजे बैंक पहुंची। टीम ने बैंक मैनेजर प्रवीण कुमार और फील्ड अफसर अनुराग सिंह से घंटों पूछताछ की। जानकारी के अनुसार, फील्ड अफसर ने बची हुई रकम खुद लेने के बजाय चपरासी रशीद के हाथ में दिलवाई थी। कई घंटों की पूछताछ के बाद, रात में टीम फील्ड अफसर अनुराग सिंह और चपरासी रशीद को अपने साथ लखनऊ ले गई। सीबीआई/एसीबी के डीएसपी अरीजीत सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। कार्रवाई के दौरान दोस्तपुर पुलिस मौके पर मौजूद रही। बैंक के पास आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा थी।

