लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में हरदोई रोड पर अंधे की चौकी के पास एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बेटी को जन्म देने के करीब 12 घंटे बाद 21 साल की रुचि की हालत खराब हो गई। मंगलवार दोपहर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और अस्पताल के बाहर हंगामा किया। इस दौरान परिजनों ने हरदोई रोड जाम करने की कोशिश भी की। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। काकोरी एसीपी शकील अहमद ने बताया कि रुचि नाम की महिला को सामान्य जांच के लिए मेडविन अस्पताल लाया गया था। परिजनों के मुताबिक, जांच और अल्ट्रासाउंड के दौरान डिलीवरी की संभावित तारीख 4 अक्तूबर बताई गई थी। डॉक्टरों ने बच्चा उल्टा होने की बात कही और तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इसके बाद सोमवार शाम करीब 3 बजे रुचि का ऑपरेशन किया गया, जिसमें उसने एक बेटी को जन्म दिया। हालत में सुधार नहीं हुआ और मौत हो गई परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रुचि की हालत धीरे-धीरे खराब होती गई। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ से इलाज के बारे में पूछा, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे रुचि की मौत हो गई। रुचि की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की। एसीपी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी। वहीं, महिला की मौत के बाद परिवार में शोक छा गया है। नवजात बच्ची सुरक्षित है।

