KM Shivalinge Gowda: कर्नाटक के मंत्री के.एम. शिवलिंगे गौड़ा के सरकारी अधिकारियों को काम जल्दी करने पर ‘टिप’ या ‘सम्मान राशि’ देने वाले बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान पर बीजेपी ने सवाल उठाया हैं। बीजेपी विधायक भरत शेट्टी ने कहा कि कर्नाटक में भ्रष्टाचार बड़े स्तर पर है और अब एक कांग्रेस के कैबिनेट मंत्री खुद कह रहे हैं कि अधिकारियों को रिश्वत देना ठीक है।
सरकारी अधिकारी को टिप देने की बात पर बवाल
हासन जिले के प्रभारी मंत्री के. एम. शिवलिंगे गौड़ा ने शनिवार को एक टिप्पणी की थी। जन शिकायतों के निपटारे के लिए आयोजित कार्यक्रम ‘प्रजासेवा आंदोलन’ में एक किसान पुनीत ने मंत्री से शिकायत की थी। उसने कहा कि सरकारी अधिकारी काम करने के लिए पैसे (रिश्वत) मांगते हैं। इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि जो भी देना चाहो, आदरपूर्वक दे सकते हो। यह तुम्हारा धर्म है, लेकिन कोई जबरदस्ती पैसे न ले। मंत्री के इस बयान के बाद वहां किसान और अन्य युवाओं ने मंत्री से पूछा कि अधिकारियों को वेतन मिलता है, फिर जनता उन्हें टिप क्यों दे? क्या यह रिश्वत को बढ़ावा देने जैसा नहीं है? इसके बाद बैठक में हंगामा होने लगा।

