Maharashtra Graduate Teacher Constituency Election: महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC Election Schedule) की पांच सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। इन चुनावों में औरंगाबाद, पुणे और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा अमरावती और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन पांचों सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी। इसके बाद उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर होगी।
7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी।
ऐसा रहेगा चुनाव कार्यक्रम –
अधिसूचना- 29 सितंबर 2026
नामांकन की अंतिम तारीख- 6 अक्टूबर 2026
नामांकन पत्रों की जांच- 7 अक्टूबर 2026
नाम वापस लेने की अंतिम तारीख- 9 अक्टूबर 2026
मतदान- 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
मतगणना- 27 अक्टूबर 2026
किन पांच सीटों पर होगा चुनाव?
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र –
औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान में एनसीपी शरद पवार गुट के भानुदासराव सतीश चव्हाण सदस्य हैं।
पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी एनसीपी शरद पवार गुट के अरुण गणपति लाड कर रहे हैं।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के अभिजीत गोविंदराव वंजारी विधान परिषद सदस्य हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र –
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से किरण रामराव सरनाइक वर्तमान सदस्य हैं। जो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना से हैं।
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता जयंत दिनकर आसगांवकर विधान परिषद में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ेगी हलचल
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी गठबंधन ‘महायुति’ (बीजेपी, शिवसेना-शिंदे गुट और एनसीपी-सुनेत्रा पवार गुट) और विपक्षी गठबंधन ‘महा विकास अघाड़ी’ (MVA) के बीच है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना-उद्धव गुट और एनसीपी-शरद गुट शामिल हैं।
औरंगाबाद (छत्रपती संभाजीनगर), पुणे और नागपुर की स्नातक सीटों के साथ-साथ पुणे की शिक्षक सीट पर वर्तमान में महा विकास अघाड़ी का कब्जा है। हालांकि, हाल के चुनावों में महायुति का दमखम काफी बढ़ गया है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब संभावित उम्मीदवारों के नाम, राजनीतिक दलों की रणनीति और गठबंधन को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

