पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में मछुआरों ने तेज बहाव में बह रहे हाथी के एक बच्चे की जान बचाई। गजोल्डोबा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद हाथियों का झुंड तीस्ता नदी पार कर रहा था, तभी तेज धारा में बच्चा झुंड से अलग हो गया। तीस्ता नदी में मछली पकड़ रहे पांच मछुआरों ने बच्चे को पानी में संघर्ष करते देखा। उन्होंने दो नावों से करीब 4 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। इसके बाद तीन मछुआरे पानी में उतरे और बच्चे को नाव पर खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला। नाव में हाथी का बच्चा एक मछुआरे से लिपट गया। बच्चे को वन विभाग को सौंप दिया गया। उसे तुरंत इलाज दिया गया और उसकी मां की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे बाद वन विभाग, स्थानीय लोगों और मछुआरों ने बच्चे को उसकी मां से मिलाया। मां हथिनी बच्चे के पास पहुंची और उसे थपकी दी। इसके बाद उसने बच्चे को दुलारा। हाथी के बच्चे के रेस्क्यू और मां से मिलने तक की 6 तस्वीरें… 1. मछुआरे नाव से 4km दूर हाथी के बच्चे तक पहुंचे 2. तीन मछुआरों ने हाथी के बच्चे को नदी में से बाहर निकाला 3. हाथी के बच्चे को नाव में बैठाकर किनारे तक लाया गया 4. नाव में बैठने के बाद हाथी का बच्चा मछुआरे से लिपट गया 5. हाथी के बच्चे को किनारे पर लाकर छोड़ा गया 6. हथिनी ने बच्चे को थपकी लगाई और उसे दुलारा हाथी से जुड़ी अन्य खबरें… 14 सितंबर: बच्चों से फुटबॉल छुड़ा खुद खेलने लगा हाथी…VIDEO, मैदान में दौड़-दौड़कर लगाई किक असम के नुमालीगढ़ में जंगली हाथी का फुटबॉल खेलने का वीडियो सामने आया था। हरे-भरे घास के मैदान में हाथी दौड़-दौड़कर बॉल पर किक लगा रहा है और दूर खड़े बच्चे उसे देख रहे हैं। यहां बोगीधला खेल मैदान में कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान एक जंगली हाथी आ पहुंचा। मैदान में पहुंचते ही उसने फुटबॉल अपने कब्जे में ली और उससे खेलने लगा। इसी दौरान वहां पर मौजूद किसी ने यह वीडियो बना लिया। पूरा वीडियो देखें 11 सितंबर: हाथी के गले में टायर फंसा, बेचैन होकर रिहायशी इलाके में भागा, VIDEO असम के नुमालीगढ़ में एक हाथी के गले में ट्रैक्टर के टायर फंसने का वीडियो वायरल हुआ था। हाथी बेचैन होकर एक रिहायशी इलाके में भी भागता नजर आया था। सूचना मिलते ही वन-विभाग की टीम ने हाथी की तलाश के लिए ड्रोन की भी मदद ली। लोकेशन मिलते ही टीम हाथी तक पहुंची और उसके गले से टायर अलग किया।
बंगाल में मछुआरों ने हाथी के डूबते बच्चे को बचाया,VIDEO:नाव पर आते ही बचाने वाले से लिपटा, हथिनी मां ने बच्चे को दुलारा

