दांत में तेज दर्द के साथ सूजन और पस? हो सकता है Dental Abscess का संकेत, मेयो क्लिनिक से जानें कैसे बचें

दांत में तेज दर्द के साथ सूजन और पस? हो सकता है Dental Abscess का संकेत, मेयो क्लिनिक से जानें कैसे बचें

Dental Abscess Symptoms: क्या आपके दांत या मसूड़े में अचानक तेज दर्द होने लगा है? क्या दांत के आसपास सूजन आ गई है या मसूड़े पर फोड़े जैसा छोटा सा लाल-पीला दाना दिख रहा है, जिससे मवाद (पस) निकल रहा है? अक्सर लोग ऐसे दर्द को मामूली बात समझकर दर्द की गोली खा लेते हैं और डॉक्टर के पास जाने में आलस कर जाते हैं। लेकिन दांत में सूजन और पस आना डेंटल एब्सेस (Dental Abscess यानी दांत का फोड़ा) की वजह से हो सकता है। मेयो क्लिनिक के अनुसार, डेंटल एब्सेस मुंह में होने वाला एक इन्फेक्शन है। अगर समय पर इसका इलाज न कराया जाए, तो यह इन्फेक्शन जबड़े, चेहरे, गर्दन और शरीर के बाकी हिस्सों तक भी फैल सकता है। अच्छी बात यह है कि अगर आप समय रहते डेंटिस्ट के पास चले जाएं, तो यह समस्या आसानी से ठीक हो जाती है। चलिए समझते हैं कि दांत का फोड़ा क्या होता है, यह क्यों बनता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।

डेंटल एब्सेस (दांत का फोड़ा) आखिर क्या होता है?

एनएचएस (NHS) के मुताबिक, डेंटल एब्सेस दांत या मसूड़ों के अंदर मवाद (पस) से भरी एक थैली होती है, जो कीटाणुओं (बैक्टीरिया) के जमा होने से बनती है। जब दांतों में कीड़ा लग जाता है, दांत टूट जाता है या मसूड़ों में बीमारी होती है, तो मुंह के कीटाणु दांत के अंदरूनी हिस्से या जड़ों तक घुस जाते हैं। हमारा शरीर इन कीटाणुओं से लड़ने के लिए सफेद रक्त कोशिकाओं को भेजता है। इस लड़ाई में कीटाणु और मरी हुई कोशिकाएं मिलकर मवाद बना देती हैं। मवाद जमा होने से दांत के अंदर दबाव बनता है, जिससे बहुत तेज दर्द और सूजन आ जाती है। यह आमतौर पर तीन तरह का होता है;

  • पेरियापाइकल (Periapical)- यह इन्फेक्शन सीधे दांत की जड़ के निचले सिरे पर बनता है, जो ज्यादातर दांत की गहरी सड़न के कारण होता है।
  • पीरियडोंटल (Periodontal)- यह इन्फेक्शन दांत के आसपास की हड्डी और मसूड़ों में बनता है।
  • गिजाइवल (Gingival)- यह केवल मसूड़ों के ऊपर होता है और दांत की जड़ तक नहीं पहुंचता।

इसके मुख्य लक्षण क्या हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, दांत के फोड़े के लक्षण साफ दिखाई देते हैं और इन्हें पहचानना बहुत आसान है;

  • तेज और टीस मारने वाला दर्द।
  • मसूड़े या चेहरे पर सूजन।
  • ठंडा या गरम लगने पर दर्द होना।
  • खाना चबाने में तकलीफ होना।
  • मुंह का स्वाद बिगड़ना और बदबू आना।
  • बुखार और कमजोरी।

दांत में फोड़ा बनने के मुख्य कारण

  • दांतों में गहरा कीड़ा (सड़न) लगना।
  • मसूड़ों की बीमारी
  • दांत का टूटना या चटकना।
  • ज्यादा मीठा खाना और तंबाकू।

इससे बचने के उपाय

  • रोज दो बार ब्रश करें।
  • दांतों के बीच सफाई करें (Flossing)।
  • मीठी चीजों से परहेज करें।
  • ब्रश समय पर बदलें।
  • डेंटिस्ट से चेकअप कराएं।

डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?

अगर आपको दांत में सूजन, पस या लगातार तेज दर्द के साथ आपको बुखार आ रहा हो, सांस लेने या खाना निगलने में दिक्कत हो रही हो, या आंख व चेहरे पर बहुत ज्यादा सूजन आ गई हो, तो बिना देर किए सीधे डेंटिस्ट के पास जाएं। दांत का फोड़ा अपने आप कभी ठीक नहीं होता।

डेंटिस्ट इसका इलाज कैसे करते हैं

  • पस निकालना।
  • रूट कैनाल (Root Canal)।
  • दांत निकालना।
  • एंटीबायोटिक्स।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *