Ganglion Cyst Symptoms: क्या कभी आपने अपनी कलाई या हाथ के जोड़ पर अचानक एक छोटा, गोल और छूने में थोड़ा नरम या रबरी सा गुब्बारा जैसा उभरा हुआ देखा है? कई बार इसे दबाने पर दर्द महसूस होता है, तो कभी-कभी इसमें कोई तकलीफ ही नहीं होती। आमतौर पर लोग ऐसी किसी भी गांठ को देखकर डर जाते हैं, लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है। मेडिकल भाषा में इसे गैंग्लियन सिस्ट (Ganglion Cyst) कहते हैं। यह एक बेहद आम समस्या है, जो किसी भी उम्र में हो सकती है। अच्छी बात यह है कि यह गांठ कोई कैंसर या गंभीर बीमारी नहीं होती। आइए समझते हैं कि यह गांठ क्यों बनती है, इसके क्या लक्षण हैं और इसका सही इलाज क्या है।
गैंग्लियन सिस्ट आखिर क्या होता है?
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, यह त्वचा के नीचे बनने वाली एक द्रव (फ्लूइड) से भरी थैली होती है। हमारे जोड़ों और नसों (Tendons) के आसपास एक गाढ़ा, चिपचिपा द्रव होता है जो जोड़ों को आसानी से हिलने-डुलने में मदद करता है। जब किसी वजह से यह द्रव जोड़ से बाहर रिसने लगता है, तो वहां एक छोटी थैली जैसी बन जाती है। यह गांठ आमतौर पर कलाई के ऊपरी हिस्से या अंदरूनी हिस्से पर बनती है। हालांकि, यह उंगलियों के जोड़ों, टखने या पैर के ऊपरी हिस्से पर भी हो सकती है।
इसके प्रमुख लक्षण क्या हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, इस गांठ की पहचान करना काफी आसान है। इसके मुख्य लक्षण कुछ इस प्रकार हैं;
- उभरा हुआ उभार या अंडाकार गांठ दिखाई देती है।
- नरम या रबर जैसा अहसास हो सकता है।
- दबाने पर दर्द हो सकता है।
- सुन्नपन या झुनझुनी महसूस हो सकती है।
- आकार में बदलाव हो सकता है।
यह गांठ क्यों बनती है?
गैंग्लियन सिस्ट बनने की कोई एक सटीक वजह तय नहीं है, लेकिन कुछ बातें इसके बनने का कारण बन सकती हैं;
- एक ही जोड़ का बार-बार इस्तेमाल।
- पुरानी चोट।
- गठिया (Arthritis)।
- महिलाओं में और 20 से 40 वर्ष की उम्र के लोगों में अधिक।
भूलकर भी न करें ये गलती
पुराने समय में लोग इस गांठ को फोड़ने के लिए इस पर भारी किताब या कोई भारी चीज मार देते थे, इसलिए इसे कभी-कभी “बाइबल सिस्ट” भी कहा जाता था। इस गांठ को घर पर दबाकर फोड़ने, सुई से छेद करने या इस पर भारी सामान मारने की गलती बिल्कुल न करें। ऐसा करने से आसपास की नसों को नुकसान पहुंच सकता है और गंभीर इन्फेक्शन फैल सकता है।
डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए और इसका इलाज क्या है?
अगर गांठ से कोई दर्द नहीं है और काम करने में कोई दिक्कत नहीं आ रही, तो अक्सर किसी इलाज की जरूरत नहीं होती। कई बार यह अपने आप भी गायब हो जाती है। लेकिन अगर इसमें दर्द है या कलाई मोड़ने में परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर इसका इलाज इन तरीकों से कर सकते हैं;
- आराम और ब्रेस (Brace)।
- पानी निकालना (Aspiration)।
- सर्जरी।

