गुजरात पुलिस की लापरवाही, ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध मौत:बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम ने गुजरात के सीएम से उच्च स्तरीय जांच की मांग की

गुजरात पुलिस की लापरवाही, ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध मौत:बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम ने गुजरात के सीएम से उच्च स्तरीय जांच की मांग की

सेड़वा क्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की गुजरात के गांधीधाम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम में गुजरात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने शव की शिनाख्त की कोशिश तक नहीं की। पुलिस ने जल्दबाजी में पोस्टमार्टम करवाया। अगले ही दिन अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को ट्वीट कर उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। बाड़मेर. गुजरात में मृतक युवक जिसके शरीर पर घाव के निशान। ये लापरवाही, जिससे पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल 11 सितंबर: सेड़वा के कुंदनपुरा निवासी सुरेश कुमार (23) ने गांधीधाम में अपना ट्रक खड़ा किया। वह अचानक लापता हो गया। इसी दिन पुलिस को अज्ञात युवक का शव मिला था। 12 सितंबर: अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने गांधीधाम के बी-डिवीजन थाने में सुरेश की गुमशुदगी दर्ज करवाई। 14 सितंबर: गुमशुदगी दर्ज होने के दो दिन बाद भी पुलिस ने कोई क्रॉस-चेकिंग नहीं की। पुलिस ने अज्ञात मानकर शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। 15 सितंबर: पुलिस ने परिजनों को सूचित किए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शिनाख्त भी नहीं करवाई। पुलिस की थ्योरी और परिवार के सवाल पुलिस का कमजोर तर्क: गांधीधाम पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी के समय परिजनों ने जो फोटो दी थी, वह हॉस्पिटल में मिले शव से मैच नहीं खा रही थी। इसलिए पहचान नहीं हो पाई। परिजनों का पलटवार: अगर 12 तारीख को मिसिंग रिपोर्ट दर्ज हो गई थी, तो 14 को पोस्टमार्टम और 15 को अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने परिजनों को शिनाख्त के लिए मॉर्चरी क्यों नहीं बुलाया? परिजनों का सीधा आरोप है कि सुरेश की मौत कोई हादसा नहीं। यह सोची-समझी हत्या है। इस खेल में पुलिस भी मिली हुई है। शव के जो फोटो पुलिस ने उपलब्ध करवाए हैं, उन पर घाव के निशान हैं। ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सांसद ने गुजरात के सीएम से किया दखल का आग्रह बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मामले में त्वरित संज्ञान लेने की अपील की है। सांसद ने अपने ट्वीट में स्पष्ट लिखा है कि यह मामला पुलिस की घोर लापरवाही और नियमों की अनदेखी का है। पूरे प्रकरण की तत्काल उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *