Gracie Mansion: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान मम्दानी के साथ बैठक के लिए ग्रेसी मैंशन गए। उन्होंने इस आधिकारिक आवास को “दुनिया में मेरी पसंदीदा जगहों में से एक” बताया और वहां शहर के पूर्व मेयरों के साथ हुई अपनी मुलाकातों को याद किया।
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, “न्यूयॉर्क शहर में रहते हुए, मैं दुनिया की अपनी पसंदीदा जगहों में से एक, ग्रेसी मैंशन जा रहा हूं। मैंने वहां कई सालों में कई घंटे बिताए हैं-कुछ बेहतरीन मेयरों, कुछ औसत मेयरों और कुछ खराब मेयरों के साथ।”
ट्रंप का यह शेड्यूल तय
व्हाइट हाउस के रोजाना के कार्यक्रम और प्रेस शेड्यूल के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप को स्थानीय समय के अनुसार शाम 4:10 बजे ग्रेसी मैंशन में मम्दानी से मिलना था। यह बैठक ‘क्लोज्ड प्रेस’ (मीडिया की मौजूदगी के बिना) रखी गई थी।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया भर के नेता 22 से 28 सितंबर तक चलने वाली 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च-स्तरीय सप्ताह के लिए न्यूयॉर्क में इकट्ठा हो रहे हैं। ट्रंप के न्यूयॉर्क कार्यक्रमों में शाम 5:35 बजे (स्थानीय समय) फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बैठक, उसके बाद रिपब्लिकन नेशनल कमेटी का रिसेप्शन और MAGA इंक. का डिनर भी शामिल है।
ट्रंप की जेलेंस्की से आज मुलाकात प्रस्तावित
मंगलवार को, ट्रंप की न्यूयॉर्क में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात प्रस्तावित है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका रूस-यूक्रेन संघर्ष में तनाव कम करने और बातचीत को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले ट्रंप ने मरीन वन से रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में बने नए हेलीपैड का उद्घाटन किया। यह इस सुविधा से राष्ट्रपति की पहली उड़ान थी। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में कहा कि वह “नए बने और बहुत खूबसूरत हेलीपोर्ट से अपनी पहली उड़ान” भर रहे हैं! उन्होंने लॉकहीड मार्टिन के सीईओ जिम टैक्लेट और इस प्रोजेक्ट में शामिल निर्माण कार्य करने वाले कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का 81वां सत्र “विश्वास बहाल करना, बदलाव को संभालना: एक ऐसा संयुक्त राष्ट्र जो सभी के लिए काम करे” थीम के तहत आयोजित किया जा रहा है। बांग्लादेश के खलीलुर रहमान इस सत्र की अध्यक्षता कर रहे हैं, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

