Sirohi Municipal Council Election Result: सिरोही जिले के छह नगरीय निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद तस्वीर साफ हो गई है। सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस की रितु जैन सभापति निर्वाचित हुई हैं, जबकि जिले की पांचों नगर पालिकाओं शिवगंज, आबूरोड, पिंडवाड़ा, माउंट आबू और मंडार में भाजपा के अध्यक्ष चुने गए हैं।
सिरोही नगर परिषद के सभापति चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रितु जैन ने 30 वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी पूजा माली को 5 मत मिले। कुल 35 पार्षदों ने मतदान किया। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल बन गया। चुनाव में भाजपा के 5 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए रितु जैन के पक्ष में मतदान किया। इसके अलावा दोनों निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन किया। इस तरह कांग्रेस के 23 पार्षदों के अलावा भाजपा के 5 और 2 निर्दलीय पार्षदों के वोट ऋतु जैन को मिले।
रितु जैन ने अपनी जीत का श्रेय सिरोही की जनता के साथ पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को दिया। उन्होंने कहा कि सिरोही की जनता ने उन पर विश्वास जताया है। सभी पार्षदों को साथ लेकर शहर के विकास के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सड़क और गड्ढों की समस्या सबसे पहले
नवनिर्वाचित सभापति रितु जैन ने कहा कि शहर में पेयजल व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सब्जी मंडी और बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरोही की सबसे पुरानी समस्याओं में शामिल सड़कों और गड्ढों की समस्या का समाधान प्राथमिकता में सबसे ऊपर रहेगा। उन्होंने अपनी जीत को सिर्फ व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि सिरोही की जनता की जीत बताया।
बहुमत के बावजूद पिंडवाड़ा में कांग्रेस हारी
सिरोही की पिंडवाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था। कुल 25 सीटों में कांग्रेस के 13, भाजपा के 7 और निर्दलीय 5 पार्षद थे। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 11 वोट ही मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राकेश कुमार को 14 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस के घोषित 13 वोटों में से 2 वोट कम पड़े, जबकि निर्दलीयों के समर्थन और क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा ने बोर्ड बना लिया।
आबूरोड में एक वोट की कमी थी, फिर भी भाजपा ने बनाया बोर्ड
आबूरोड नगर पालिका में कुल 40 सीटों में भाजपा के 20, कांग्रेस के 16 और निर्दलीय 4 पार्षद थे। बहुमत के लिए भाजपा को एक वोट की जरूरत थी। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भावना अग्रवाल को 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शोभा को 13 मत मिले। भाजपा को चारों निर्दलीय पार्षदों के साथ कांग्रेस के 3 पार्षदों के क्रॉस वोट भी मिले। इस तरह भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए बोर्ड बना लिया।
मंडार में निर्दलीयों ने बदला चुनावी गणित
मंडार नगरपालिका में कुल 20 सीटों में भाजपा के 7, कांग्रेस के 6 और निर्दलीय 7 पार्षद थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने निर्दलीयों के समर्थन से 13 वोट हासिल कर बोर्ड बना लिया, जबकि कांग्रेस को 7 वोट मिले। यहां निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक रही और उनके समर्थन से भाजपा बहुमत तक पहुंच गई।
शिवगंज में एक वोट से भाजपा की जीत
शिवगंज नगरपालिका में भाजपा के कुंदनलाल अग्रवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुए। यहां भाजपा ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
माउंट आबू में भाजपा के सुनील आचार्य अध्यक्ष
माउंट आबू नगरपालिका में भाजपा के सुनील आचार्य अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस तरह जिले की पांचों नगर पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बन गया।
सिरोही जिले के 6 निकायों में किसका बोर्ड
निकाय-निर्वाचित अध्यक्ष-सभापति पार्टी
- सिरोही नगर परिषद-ऋतु जैन-कांग्रेस
- माउंट आबू नगरपालिका-सुनील आचार्य-भाजपा
- पिंडवाड़ा नगरपालिका-राकेश कुमार-भाजपा
- आबूरोड नगरपालिका-भावना अग्रवाल-भाजपा
- शिवगंज नगरपालिका-कुंदनलाल अग्रवाल-भाजपा
- मंडार नगरपालिका-प्रागाराम-भाजपा
यानी सिरोही जिले के कुल 6 निकायों में 1 नगर परिषद पर कांग्रेस और 5 नगर पालिकाओं पर भाजपा का कब्जा हुआ है। सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस ने अपने बहुमत के बावजूद क्रॉस वोटिंग के सहारे जीत दर्ज की, जबकि पिंडवाड़ा में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा ने निर्दलीयों और क्रॉस वोटिंग के दम पर बोर्ड बना लिया। आबूरोड और मंडार में निर्दलीयों का समर्थन भाजपा के लिए निर्णायक साबित हुआ।

