Chhatarpur Snake Bite: मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक बच्ची को सांप के डसने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। बताया गया है कि बच्ची 9वीं कक्षा की छात्रा है और उसके गले में सोते वक्त सांप लिपट गया था और गर्दन पर डस लिया। बच्ची की आवाज सुनकर जब परिजन पहुंचे तो उन्होंने सांप को देखा और मार दिया था। परिजन तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वक्त पर इलाज शुरू होने से छात्रा की हालत अब ठीक है।
सोते वक्त गले में लिपटा सांप, गर्दन में डसा
घटना पनोठा गांव की है, जहां रहने वाली 9वीं कक्षा की छात्रा रात में अपने घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान सांप उसके गले में आकर लिपट गया। छात्रा गहरी नींद में थी और जब सांप के लिपटने कारण गले में कसावट हुई तो उसकी नींद खुली। नींद खुलते ही उसने शोर मचाया और गले में लिपटे सांप को हाथ से पकड़कर हटाने की कोशिश की। सांप हटाने की कोशिश करते वक्त सांप ने छात्रा के गले में डस लिया।
परिजन ने सांप को मारा, बच्ची को लेकर पहुंचे अस्पताल
बच्ची की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे और लाइट जलाकर देखा तो उन्हें कमरे में सांप दिखा। परिजनों ने सांप को मार दिया, इसी बीच बच्ची ने बताया कि सांप ने उसे डस लिया है। परिजनों ने बिना देर किए बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज के साथ एंटी स्नेक वेनम दिया। फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
बारिश के सीजन में बढ़ जाता है सांपों का खतरा
बता दें कि बारिश के मौसम में सांपों का खतरा बढ़ जाता है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
सांप के काटने पर क्या करें?
- काटे गए अंग को स्थिर रखें और अनावश्यक हलचल से बचें।
- व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।
- चीरा लगाने, जहर चूसने या झाड़-फूंक जैसी प्रक्रिया न करें।
- सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश न करें।
- सुरक्षित दूरी से संभव हो तो सांप की फोटो लें, लेकिन इसके लिए जोखिम न उठाएं।

